‘मुझे CM पद चाहिए…’, शिंदे की मांग पर बोले गृहमंत्री शाह- बीजेपी में मर्ज हो जाओ, जानें क्यों मचा घमासान

punjabkesari.in Sunday, Mar 02, 2025 - 04:49 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया भूचाल आ गया है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पद पर अपनी दावेदारी पेश की है। लेकिन इस दावेदारी के बाद जो चर्चा हुई, उससे यह साफ हो गया कि शिंदे को अभी सीएम पद की कुर्सी मिलने की कोई संभावना नहीं है। इस मुलाकात को लेकर कई नई जानकारी सामने आई है, जो महाराष्ट्र के राजनीतिक समीकरणों को पूरी तरह से बदल सकती है। 
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से पुणे में मुलाकात की। इस बैठक में शिंदे ने गृहमंत्री से सीएम पद पर अपनी दावेदारी पेश की। शिंदे ने अमित शाह से कहा कि उन्हें सरकार में उचित सम्मान नहीं मिल रहा है और उनके निर्णयों को पलटने का काम हो रहा है। उनका आरोप था कि उनके द्वारा किए गए फैसलों को नजरअंदाज किया जा रहा है। शिंदे ने यह भी कहा कि वह पहले मुख्यमंत्री थे और अब उनका ‘उत्थान’ किया गया है, लेकिन अब उन्हें सम्मान नहीं मिल रहा।

अमित शाह का जवाब- बीजेपी में मर्ज हो जाओ

शिंदे की सीएम पद पर दावेदारी के बाद अमित शाह ने उनका सीधा जवाब दिया। गृहमंत्री शाह ने शिंदे से कहा कि अगर वे बीजेपी में विलय कर लेते हैं, तो उनके सीएम पद पर दावे पर विचार किया जा सकता है। शाह ने कहा, "अब कोई बाहरी व्यक्ति महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री नहीं बनेगा, अगर आप बीजेपी में विलय कर लेते हैं, तो आपकी दावेदारी पर विचार किया जाएगा।" यह बयान यह संकेत देता है कि बीजेपी पार्टी के भीतर से ही मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार चुना जाएगा, और बाहरी उम्मीदवार को यह पद देना पार्टी के लिए उचित नहीं होगा।
मुलाकात के दौरान शिंदे ने फडणवीस को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने यह कहा कि सरकार में उनके साथ न्याय नहीं हो रहा और उन्हें कई मुद्दों पर नजरअंदाज किया जा रहा है। शिंदे का कहना था कि उनके नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा गया था और उनके साथ अब अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा है। यह बैठक न केवल शिंदे के व्यक्तिगत असंतोष को दर्शाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि महाराष्ट्र में बीजेपी और शिंदे के बीच राजनीतिक संबंधों में खटास आ सकती है।

सामना में शिंदे पर हमला

शिवसेना उद्धव गुट के मुखपत्र सामना में इस मुद्दे पर एक तीखी टिप्पणी की गई है। सामना में लिखा गया है, "एकनाथ शिंदे अब दिल्ली के शाहों के चरणों में झुके हुए हैं। उन्हें अब यह समझ में आ गया है कि उनके साथ जो हुआ वह सही नहीं था। उनका आत्मसम्मान अब पूरी तरह से लुट चुका है।" यह बयान शिंदे की स्थिति पर तंज कसते हुए उनके राजनीतिक फैसलों पर सवाल उठाता है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News