Rio Helicopter Crash: दो हेलीकॉप्टर हवा में आपस में टकराए, मशहूर सिंगर समेत 6 लोगों की दर्दनाक मौत
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 08:33 AM (IST)
Rio Helicopter Crash: ब्राजील के रियो डी जेनेरियो शहर में रविवार सुबह उस समय एक बड़ा विमान हादसा हुआ, जब दो हेलीकॉप्टर हवा में आपस में टकरा गए। इस हादसे में लोकप्रिय गायक ओलिवर ट्री सहित कुल 6 लोगों की जान चली गई। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और एक हेलीकॉप्टर पास स्थित कार शोरूम पर गिरने से भीषण आग लग गई। स्थानीय सैन्य दमकल विभाग के मुताबिक, हेलीकॉप्टर के गिरते ही शोरूम में खड़े कई इलेक्ट्रिक वाहनों ने आग पकड़ ली। दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। राहत और बचाव दल ने सभी यात्रियों को निकालने की कोशिश की, लेकिन किसी की जान नहीं बच सकी।
हादसे में कौन-कौन थे सवार?
रिपोर्ट्स के अनुसार, ओलिवर ट्री जिस हेलीकॉप्टर में सफर कर रहे थे, उसमें उनके साथ लुकास विग्नाले, गैस्पर प्रिम, लुकास ब्रिटो चावेस और पायलट एलेक्जेंडर सूजा मौजूद थे। दूसरे हेलीकॉप्टर में केवल पायलट चार्ल्स मार्सिलैक सवार थे। हादसे में सभी छह लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में शामिल हेलीकॉप्टरों में एक एयरबस H125 और दूसरा बेल 206B जेट रेंजर था। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 8:59 बजे हुआ। टक्कर के बाद मलबा आसपास के इलाके में बिखर गया और आग की लपटों ने करीब 20 वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे की जांच शुरू
ब्राजील की संबंधित एजेंसियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसमें तकनीकी खराबी, मौसम या मानवीय चूक की भूमिका थी।
कौन थे ओलिवर ट्री?
ओलिवर ट्री ने कम उम्र में ही संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बना ली थी। किशोरावस्था में उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक कलाकारों के साथ काम किया और बाद में अपनी अलग शैली के कारण दुनियाभर में लोकप्रिय हुए। साल 2020 में उनका पहला स्टूडियो एल्बम Ugly Is Beautiful रिलीज हुआ, जिसे शानदार प्रतिक्रिया मिली। उनका गाना Life Goes On भी काफी हिट रहा। इसके बाद उन्होंने Cowboy Tears, Alone in a Crowd और Love You Madly Hate You Badly जैसे कई प्रोजेक्ट्स पेश किए।
कई देशों में होने वाले थे शो
32 वर्षीय ओलिवर ट्री आने वाले महीनों में यूरोप, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और चीन में लाइव परफॉर्मेंस देने वाले थे। उनके नए टूर की शुरुआत 1 जुलाई को पुर्तगाल के लिस्बन से होनी थी, लेकिन इस दुखद हादसे ने उनके प्रशंसकों को गहरा सदमा दिया है।
