Big News On Fuel Shortage: पेट्रोल, डीजल और LPG को लेकर तेल कंपनियों ने दिया बड़ा अपडेट

punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 12:38 PM (IST)

नई दिल्ली: देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की संभावित कमी को लेकर फैली अफवाहों के बीच तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बड़ा बयान जारी किया है। कंपनियों ने कहा है कि देशभर में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से सामान्य बनी हुई है। OMCs ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अनावश्यक खरीदारी से बचें।

तेल कंपनियों ने बयान जारी कर कहा कि देश में वर्तमान में पर्याप्त भंडार मौजूद है और राष्ट्रीय मांग को पूरा करने के लिए सप्लाई चेन बिना किसी रुकावट के काम कर रही है। कंपनियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से घबराकर खरीदारी न करें।

भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने अपने बयान में कहा, “पेट्रोल और डीजल की कमी की खबरें पूरी तरह से निराधार हैं। देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। भारत के पास कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल और ATF का पर्याप्त भंडार मौजूद है। सप्लाई सिस्टम सुचारू रूप से काम कर रहा है।”

हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने भी कहा कि देशभर में पेट्रोल, डीजल और LPG की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। कंपनी ने ग्राहकों से सामान्य खपत बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) ने भी स्थिति को सामान्य बताते हुए कहा कि सभी रिटेल आउटलेट्स पर ईंधन आपूर्ति नियमित रूप से जारी है और कहीं भी कोई दिक्कत नहीं है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, भारत के पास पर्याप्त ईंधन भंडार मौजूद है और सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं। हालांकि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक आपूर्ति संबंधी चिंताओं के कारण बाजारों में अस्थिरता देखी जा रही है, लेकिन देश में आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई है। सरकार ने मंगलवार को भी स्पष्ट किया था कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी तरह की कमी की स्थिति नहीं है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News