ऑफ द रिकॉर्डः केंद्रीय कैबिनेट में दिवाली के बाद ‘फेरबदल की तैयारी’!

punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2020 - 05:28 AM (IST)

नई दिल्लीः केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल के लिए तैयारियां पूरी की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि दिवाली उत्सव के बाद कभी भी यह किया जा सकता है। पिछले महीने भाजपा के संगठन में बदलाव के बाद से फेरबदल को लेकर राजधानी में चर्चाएं गर्म हैं। पार्टी में कम से कम 4 महासचिवों को हटाए जाने से हलचल मच गई थी और अब रिपोर्ट यह है कि कैबिनेट फेरबदल से कइयों को झटका लगने वाला है। वर्तमान में प्रधानमंत्री सहित 22 कैबिनेट मंत्री हैं। 
PunjabKesari
केंद्रीय कैबिनेट में मंत्रियों की यह संख्या अब तक की सबसे कम है। अकाली दल बादल की हरसिमरत कौर बादल, शिवसेना के अरविंद सावंत के बाहर जाने तथा रामविलास पासवान (लोजपा) के निधन से स्थिति थोड़ी कठिन हो गई है। भाजपा का अहम सहयोगी जनता दल (यू) कुछ मतभेदों के कारण कैबिनेट का हिस्सा नहीं है। अब चूंकि बिहार चुनाव समाप्त हो गए हैं, कैबिनेट में जद (यू) को जगह मिलना तय है। 
PunjabKesari
प्रधानमंत्री ने अपने कैबिनेट सहयोगियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए पिछले 2 महीनों में केंद्रीय मंत्रियों से प्रैजैंटेशन लिया। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछेक को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। कैबिनेट फेरबदल में देरी के कारण केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर 4 मंत्रालयों का काम देख रहे हैं जबकि पीयूष गोयल व प्रकाश जावड़ेकर 3-3 मंत्रालयों का। जहाजरानी मंत्रालय के पुनर्गठन की घोषणा के बाद संभावना यह है कि मनसुख लाल मंडाविया को कैबिनेट रैंक के लिए प्रमोट किया जा सकता है। 
PunjabKesari
अगर ऐसा होता है तो वह गुजरात से तीसरे कैबिनेट मंत्री हो जाएंगे। इस समय वह जहाजरानी मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार संभाल रहे हैं तथा कैमिकल व फर्टीलाइजर मंत्रालय के राज्यमंत्री हैं। अगले साल मई में 2 राज्यों पश्चिम बंगाल व असम में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं, उन राज्यों से एक भी मंत्री कैबिनेट में नहीं है। हां, पश्चिम बंगाल से 2 राज्यमंत्री व असम से एक राज्यमंत्री है। 

ऐसा माना जा रहा है कि पश्चिम बंगाल से कम से कम एक मंत्री कैबिनेट में लाया जा सकता है। अब जबकि मध्य प्रदेश में भाजपा ने पासा पलट दिया है तो ज्योतिरादित्या सिंधिया के लिए एक बड़ा प्रोमोशन इंतजार कर रहा है। ऐसा में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या महाराष्ट्र से भी किसी को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है? जल्द पता चलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News