PM मोदी की तस्वीर के साथ कथित तंत्र-मंत्र का वीडियो वायरल, अज्ञात व्यक्ति पर FIR दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 08:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में सरयू नदी के किनारे श्मशान घाट के पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर के साथ कथित तंत्र-मंत्र से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शनिवार को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में प्रधानमंत्री की तस्वीर के आसपास नारियल, भगवा अबीर और सुई चुभे 10 नींबू जैसी सामग्री दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। पुलिस ने मामला सामने आने के बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर प्रकोष्ठ की मदद से वीडियो के स्रोत और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

घोसी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर के साथ कथित टोटके का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि इसके बाद स्थानीय पुलिस और साइबर प्रकोष्ठ को सक्रिय कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई। तिवारी ने बताया कि दोहरीघाट थाने में शनिवार को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की जांच की जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नदी किनारे प्रधानमंत्री की तस्वीर और कथित तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री किसने रखी तथा इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के पीछे क्या मंशा थी। उन्होंने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News