ओडिशा में BJD को लगा बड़ा झटका, नवीन पटनायक के करीबी राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय ने दिया इस्तीफा
punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 12:35 PM (IST)
नेशनल डेस्क: ओडिशा की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां BJD को एक और ज़ोरदार झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। ऐसी जानकारी सामने आई है कि सांसद बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।
नवीन पटनायक का जताया आभार
देबाशीष सामंतराय के इस कदम के ओडिशा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। यह इस्तीफा बीजेडी के भीतर चल रही गहरी अंदरूनी कलह को खुलकर सामने ले आया है। अपने इस्तीफे में सामंतराय ने नवीन पटनायक का आभार जताया और साथ ही लिखा कि राज्यसभा में उन्हें लाने के लिए वे हमेशा नवीन के कर्जदार रहेंगे। नवीन पटनायक के कारण ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर ओडिशा और कटक क्षेत्र की जनता की सेवा करने का मौका मिला।
इस्तीफे की वजह बताई
नवीन पटनायक को भेजे पत्र में सामंतराय ने पार्टी छोड़ने की जो वजह बताई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। उन्होंने लिखा, "मैंने हमेशा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी के लिए काम किया। लेकिन पिछले कुछ समय से मुझे ऐसा महसूस हो रहा है कि एक सोची-समझी साजिश के तहत पार्टी के भीतर मुझे लगातार नजरअंदाज और छोटा दिखाने की कोशिश की जा रही है।" उन्होंने आगे दर्द बयां करते हुए लिखा, "अब ऐसा लगता है कि पार्टी को मेरी सेवाओं की कोई आवश्यकता नहीं रह गई है। इसलिए, जनहित को सर्वोपरि रखते हुए मैंने यह कड़ा फैसला लिया है और आपसे मेरा इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध करता हूँ।"
