IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स को लगा बड़ा झटका, कप्तान अक्षर पटेल पर भारी जुर्माना, जानें वजह?
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 09:56 AM (IST)
Axar Patel Fined 12 Lakh : हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (HPCA) स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज करने वाली दिल्ली कैपिटल्स की खुशी उस वक्त फीकी पड़ गई जब कप्तान अक्षर पटेल पर आईपीएल प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की। पंजाब को 3 विकेट से हराने के बाद दिल्ली ने प्लेऑफ की रेस में खुद को बनाए तो रखा है लेकिन कप्तान की एक गलती उन पर भारी पड़ गई।
बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पंजाब किंग्स के खिलाफ अपनी टीम की जीत के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। अक्षर और डेविड मिलर के अर्धशतकों की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैच में पंजाब किंग्स को तीन विकेट से हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी धुंधली उम्मीदों को बरकरार रखा।
आईपीएल की एक विज्ञप्ति के अनुसार, दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ स्टेडियम, धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए जुर्माना लगाया गया है।
इसमें आगे कहा गया है, धीमी ओवर गति से संबंधित आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह उनकी टीम का इस सत्र का पहला अपराध था इसलिए अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। दिल्ली की टीम अंक तालिका में अभी सातवें स्थान पर है। उसका अगला मैच रविवार को नयी दिल्ली में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होगा।
