High-tech बनेंगे Indian Railway Station, बिना कन्फर्म टिकट के प्लेटफॉर्म पर No Entry! AI कैमरे रखेंगे भीड़ पर नजर;  रेल मंत्री ने बताया मास्टर प्लान

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 06:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय रेलवे अब स्टेशनों पर होने वाली भारी भीड़ और अव्यवस्था को रोकने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लेने जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में एक लिखित जवाब के दौरान बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए स्टेशनों पर AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कैमरे और विशेष 'वॉर रूम' स्थापित किए जा रहे हैं।

76 स्टेशनों पर बनेंगे 'होल्डिंग एरिया'

रेल मंत्री ने जानकारी दी कि देश के 76 प्रमुख स्टेशनों पर स्थायी 'पैसेंजर होल्डिंग एरिया' विकसित किए जाएंगे। इन क्षेत्रों का उद्देश्य प्लेटफार्मों पर भीड़ को कम करना है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ऐसा ही एक अत्याधुनिक होल्डिंग एरिया शुरू भी हो चुका है, जहाँ बैठने की जगह, पीने का पानी, शौचालय, टिकट काउंटर और सुरक्षा जांच जैसी तमाम सुविधाएं मौजूद हैं।

PunjabKesari

अब केवल कन्फर्म टिकट वालों को ही प्लेटफॉर्म पर एंट्री!

भीड़ प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने के लिए रेलवे 'एक्सेस कंट्रोल' सिस्टम लागू कर रहा है। इसके तहत अब केवल कन्फर्म रिजर्व टिकट वाले यात्रियों को ही सीधे प्लेटफॉर्म पर प्रवेश मिलेगा। बिना टिकट या वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को स्टेशन के बाहर बने 'होल्डिंग एरिया' में रुकना होगा। यात्रियों की आवाजाही आसान बनाने के लिए अब 12 मीटर और 6 मीटर चौड़े नए फुट-ओवर-ब्रिज (FOB) बनाए जा रहे हैं।

AI कैमरे और 'वॉर रूम' से निगरानी

स्टेशनों और आसपास के इलाकों में AI इनेबल्ड CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं जो रीयल-टाइम में भीड़ की निगरानी करेंगे। किसी भी आपात स्थिति या भारी भीड़ से निपटने के लिए बड़े स्टेशनों पर 'वॉर रूम' बनाए जाएंगे, जहाँ सभी विभाग मिलकर तुरंत फैसले ले सकेंगे।

स्टेशन डायरेक्टर को मिली 'सुपर पावर'

रेलवे ने प्रशासनिक स्तर पर भी बड़ा बदलाव किया है। अब प्रमुख स्टेशनों पर स्टेशन डायरेक्टर के पद को अपग्रेड किया गया है। स्टेशन डायरेक्टर के पास वित्तीय शक्तियां होंगी ताकि वे मौके पर ही जरूरी फैसले ले सकें। स्टेशन की क्षमता के आधार पर वे टिकटों की बिक्री को नियंत्रित करने का अधिकार भी रखेंगे। सभी विभागों के कर्मचारी सीधे स्टेशन डायरेक्टर को रिपोर्ट करेंगे ताकि कमांड सिस्टम मजबूत रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News