Jharkhand: कुख्यात गैंग''स्टर सुजीत सिन्हा जामताड़ा में पुलिस मुठभेड़ में ढेर, 50 से अधिक मामले थे दर्ज
punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 05:28 AM (IST)
रांचीः कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल एक आरोपी रविवार शाम झारखंड के जामताड़ा जिले में पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास करते समय मुठभेड़ में मारा गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शंभू कुमार सिंह ने बताया कि घटना टाउन पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुसोई चौक के निकट हुई, जब गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को धनबाद जेल ले जाया जा रहा था।
एसपी ने कहा, "जिस वाहन से उसे साहिबगंज जेल से ले जाया जा रहा था, वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उसी समय सुजीत ने एक पुलिसकर्मी से राइफल छीन ली और हिरासत से भागने के लिए हमारी टीम पर गोली चला दी। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसकी मौत हो गई।" उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कौन था गैंगस्टर सुजीत सिन्हा
सुजीत सिन्हा मूल रूप से पलामू जिले के मेदिनीनगर क्षेत्र का रहने वाला था। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, अपहरण, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। पिछले दो दशकों के दौरान उसने झारखंड के धनबाद, रामगढ़, रांची, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग और अन्य जिलों में सक्रिय अपराध नेटवर्क खड़ा किया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसने अपने आपराधिक जीवन की शुरुआत कुख्यात अपराधी सुशील श्रीवास्तव गिरोह से की थी। बाद में उसने अपना अलग गैंग बनाया और कोयला कारोबारियों, ठेकेदारों, बिल्डरों तथा अन्य व्यवसायियों से रंगदारी वसूलने का नेटवर्क खड़ा कर लिया।
