वियतनाम में बैठा है 500 करोड़ रुपए का ठग, 1 लाख से ज्यादा भारतीय लोगों को लगाया चूना

punjabkesari.in Tuesday, Aug 27, 2024 - 10:56 AM (IST)

नेशनल डेस्क. वियतनाम से एक बड़े ठग ने भारत के लोगों को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया है। यह ठग HIBOX APP के जरिए मुनाफा कमाने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठ रहा था। नॉर्थ ईस्ट जिला साइबर पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि एक लाख से अधिक लोग इस जालसाजी का शिकार हुए हैं। अब तक ठग ने लगभग 500 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए हैं। पुलिस ने चेन्नै में स्थित बैंकों में करीब 20 करोड़ रुपये को फ्रीज करवा दिया है। दिल्ली भर से बहुत सी शिकायतें मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने इस मामले की जांच स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस यूनिट (IFSO) को सौंप दी है।

वीरेंद्र कुमार (61) अपने परिवार के साथ ईस्ट गोकलपुर में रहते हैं और दिल्ली पुलिस से रिटायर्ड ASI हैं। जुलाई महीने में उन्होंने यूट्यूब पर HIBOX EARNING APP का विज्ञापन देखा, जिसमें कई मशहूर सेलिब्रिटी नजर आ रहे थे। इस विज्ञापन को देखकर उन्होंने ऐप डाउनलोड कर लिया। ऐप ने दावा किया था कि इसमें निवेश करने पर रोजाना एक फीसदी मुनाफा मिलेगा। वीरेंद्र कुमार ने अपने दोनों बेटों से बात की और उन्हें भी यह ऑफर अच्छा लगा। इसके बाद तीनों ने मिलकर क्रेडिट कार्ड के जरिए 28 जुलाई से 4 अगस्त के बीच 3 लाख 25 हजार 645 रुपये निवेश किए। लेकिन इसके बाद मुनाफा मिलना बंद हो गया।

करीब 50 शिकायतें नॉर्थ ईस्ट जिला साइबर थाने को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के जरिए मिलीं। पुलिस ने बताया कि इस ऐप के पीछे वाली कंपनी ने नोएडा, मुंबई और चेन्नै में ऑफिस खोले थे। दिल्ली के विभिन्न इलाकों से लगभग एक लाख लोगों के 500 करोड़ रुपये से अधिक की रकम चेन्नै के बैंकों में ट्रांसफर की गई थी। इन बैंकों में करीब 20 करोड़ रुपये जमा मिले हैं, जबकि बाकी रकम निकाल ली गई थी। इसलिए 20 करोड़ रुपये को फ्रीज करवा दिया गया है। ये पैसे उन लोगों को मिलेंगे जिनके खातों से यह रकम ट्रांसफर की गई थी। नॉर्थ ईस्ट जिला पुलिस ने चेन्नै में एक आरोपी का पता भी लगा लिया है। इस सिंडिकेट का संचालन वियतनाम से हो रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News