अमरनाथ यात्रा और सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं : डॉ जितेंद्र सिंह

punjabkesari.in Thursday, Jun 28, 2018 - 06:23 PM (IST)

कठुआ : अमरनाथ यात्रियों का स्वागत करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, बाबा बर्फानी की यात्रा में किसी तरह की बाधा नहीं आएगी। सरकार व प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम किए हैं। अमरनाथ यात्रा हम सबकी जिम्मेवारी है और इससे कभी भी समझौता नहीं होगा।  इससे पहले डॉ सिंह ने बाबा के दर्शनों को जाने वाले भक्तों का फूल मालाओं से स्वागत किया जिसके बाद भक्तों में बारिश को देखते हुए छाते और टोपियां वितरित की। 


डॉ सिंह ने कहा कि लखनपुर रियासत का प्रवेशद्वार है और यहां पूरा प्रशासन बाबा के भक्तों के स्वागत के लिए पहुुंचा है। एक तरह से वे भक्तों को एहसास करवाना चाहते हैं कि पूरा प्रशासन और सरकार उनके साथ है। यात्रा में किसी तरह की रूकावट आ नहीं सकती। यह यात्रा केवल एक वर्ग के लिए नहीं है, अमरनाथ यात्रा शताब्दियों से चल रही है। यात्रा को सफल बनाना समाज और सरकार दोनों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि एक-एक यात्री एक तरह से बम-बम बोले की मूर्ति हैं। देशभर से भक्त दर्शनों के लिए पहुंचे हैं। वे लोग सफलतापूर्वक तरीके से दर्शन कर जब वापिस अपने घरों को लौटें तो वहां भारत की संस्कृति, आतंकवाद के विरुद्ध जारी अभियानों का संदेश अपने इलाकों तक पहुंचाएं। 

PunjabKesari
इस मौके पर डी.सी. कठुआ रोहित खजूरिया, डी.सी. आबकारी विभाग विशेषपाल महाजन, एस.एस.पी. श्रीधर पाटिल, एस.पी. ट्रैफिक मुश्ताक चौधरी, भाजपा जिला प्रधान पे्रम डोगरा, जनक भारती, प्रदेश कार्यकरिणी सदस्य गोपाल महाजन, नरेंद्र जसरोटिया के अलावा अन्य भी मौजूद रहे। 
 
 व्यवस्थाओं का जायजा लिया 
 कार्यक्रम के उपरांत डॉ जितेंद्र सिंह ने रिसेप्शन सेंटर सहित टोल प्लाजा के पास का दौरा करते हुए वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान भक्तों की सुविधा के लिए टोल प्लाजा परिसर में ही लगाए गए सत्यम सीमेंट के लंगर स्टाल का डॉ जितेंद्र सिंह ने उद्घाटन किया। स्टाल के आयोजक एवं उद्योगपति देवेंद्र वर्मा ने डॉ जितेंद्र सिंह को इसकी विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद डॉ सिंह ने डी.सी. और एस.एस.पी को यहां बेहतर व्यवस्था एवं सुरक्षा पर जोर दिया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Monika Jamwal

Recommended News

Related News