नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए आज दाखिल कर सकते हैं नामांकन, कौन होगा बिहार का मुख्यमंत्री?
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 05:57 AM (IST)
नेशनल डेस्कः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए संभवतः बृहस्पतिवार को पटना में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। इससे यह संकेत मिलता है कि राज्य में नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। सूत्रों ने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे, और इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की समयसीमा बृहस्पतिवार को समाप्त हो जाएगी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के एक सूत्र ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, "जद(यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्यसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अपना-अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे।"
जब यह पूछा गया कि क्या कुमार बिहार के मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा देंगे, तो सूत्र ने कहा कि यह समय आने पर पता चलेगा। नीतीश ने लगभग चार महीने पहले 20 नवंबर को पटना में आयोजित भव्य समारोह में रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वह बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की थी। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में राजग को शानदार जीत मिली थी।
भाजपा ने पार्टी प्रमुख नितिन नवीन और बिहार इकाई के महासचिव शिवेश कुमार को राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है। राजग में शामिल दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को भी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। हालांकि जद(यू) ने अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने मंगलवार को मीडिया से कहा था, "होली की पूर्व संध्या पर, मेरे पास बिहार की जनता के साथ साझा करने के लिए एक खुशखबरी है। काफी समय से जद(यू) के अंदर और राज्य के युवाओं के बीच यह मांग उठ रही है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत राजनीति में कदम रखें।"
उन्होंने कहा था, "इसके लिए रास्ता साफ हो गया है और एक या दो दिन में औपचारिक घोषणा की जाएगी।" जब यह पूछा गया कि क्या जद(यू) प्रमुख के 40 वर्षीय बेटे निशांत राज्यसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार हो सकते हैं, तो श्रवण कुमार ने कहा था, "कुछ भी संभव है। पार्टी के शीर्ष नेता बैठक करके इस बारे में बातचीत करेंगे, जिसके बाद एक या दो दिन में सब पता चल जाएगा।" श्रवण कुमार 1990 में समता पार्टी के समय से जद(यू) प्रमुख के करीबी रहे हैं। इस बीच, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार में संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं।
मीडिया ने जब जदयू नेता से पूछा कि क्या पिछले सप्ताह 75 वर्ष के हुए नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं, तो चौधरी ने कहा, ''इस पर बातचीत जारी है। मुख्यमंत्री ही अंतिम निर्णय लेंगे।'' चौधरी ने यह भी दोहराया कि नीतीश कुमार के पुत्र निशांत जल्द ही सक्रिय राजनीति में आने वाले हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने की स्थिति में उनका उत्तराधिकारी कौन होगा।
