निर्भया केस: दोषियों के चेहरे पर दिखा खौफ...किसी ने हाथ बंधवाने से किया मना तो कोई फांसी घर में लेटा

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2020 - 08:48 AM (IST)

नई दिल्लीः 16 दिसंबर, 2012 की रात को निर्भया की साथ हुई बर्बरता का आखिरकार 7 साल बाद इंसाफ हुआ। पूरे देश की आत्मा को झकझोर देने वाले निर्भया गैंगरेप और मर्डर केस में चारों दोषियों-मुकेश सिंह (32), पवन गुप्ता (25), विनय शर्मा (26) और अक्षय कुमार सिंह (31) को सुबह साढ़े पांच बजे तिहाड़ जेल में फांसी दी गई। इस दौरान दोषियों के चेहरे पर फांसी का खौफ साफ देखा गया। फांसी से पहले जहां चारों दोषी रातभर सोए नहीं वहीं शुक्रवार सुबह फांसी के समय भी चारों डरे रहे। मिली जानकारी के मुताबिक, एक दोषी तो फांसी के लिए आगे नहीं जा रहा था, फिर फांसी घर में मौजूद लोग उसे जबरन आगे लेकर गए। वहीं दो दोषियों ने फांसी के समय हाथ बंधवाने से मना कर दिया। इस पर पुलिस वालों की मदद से जबरन दोषियों के हाथ बांधे गए।

PunjabKesari

निर्भया के दोषियों की 24 घंटे पहले से मॉनिटरिंग शुरू हो गई थी। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि जेल अधिकारियों को जानकारी मिली थी कि ये चारो अपने आप को चोट पहुंचा सकते हैं ताकि फांसी से बच सके। फांसी से पहले चारों ने अपनी आखिरी इच्छा नहीं बताई हालांकि पवन ने जरूर माफी मांगी और गिड़गिड़ाया भी। फांसी से पहले 19 मार्च की रात को पवन और अक्षय रातभर बेचैन रहे जबकि मुकेश-विनय ने रात का खाना जरूर खाया लेकिन उनके चेहरे पर डर था। बता दें कि 16 दिसंबर 2012 को चलती बस में निर्भया के साथ 6 लोगों ने गैंगरेप करने के बाद उसे बुरी तरह पीटा, घायल कर दिया और चलती बस से नीचे सड़क पर फेंक दिया था।

PunjabKesari

इस घटना ने पूरे देश की आत्मा को झकझोर दिया था और निर्भया के लिए न्याय की मांग करते हुए लोग सड़कों पर उतर आए थे। करीब एक पखवाड़े तक जिंदगी के लिए जूझने के बाद अंतत: सिंगापुर के अस्पताल में निर्भया ने दम तोड़ दिया था। इस मामले में मुकेश सिंह, पवन गुप्ता, विनय शर्मा और अक्षय कुमार सिंह सहित छह व्यक्ति आरोपी बनाए गए। इनमें से एक नाबालिग था।

PunjabKesari

मामले के एक आरोपी राम सिंह ने सुनवाई शुरू होने के बाद तिहाड़ जेल में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। नाबालिग को सुनवाई के बाद दोषी ठहराया गया और उसे सुधार गृह भेज दिया गया। तीन साल तक सुधाार गृह में रहने के बाद इस किशोर को 2015 में रिहा कर दिया गया। दोषी ठहराए गए मुकेश सिंह, पवन गुप्ता, विनय शर्मा और अक्षय कुमार सिंह को आज सुबह फांसी दे दी गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Related News