वीज़ा एक्सपायर होने के बाद भी भारत में रह रही थी 9 विदेशी महिलाएं, होटल मैनेजर पर भी कार्रवाई
punjabkesari.in Friday, Oct 03, 2025 - 02:15 PM (IST)

नेशनल डेस्क। मुंबई पुलिस ने अवैध रूप से शहर में रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। पवई पुलिस ने विशेष छापेमारी में 9 विदेशी महिलाओं को हिरासत में लिया है जिनके वीज़ा की अवधि समाप्त हो चुकी थी। ये महिलाएं युगांडा और केन्या की नागरिक बताई जा रही हैं।
गुप्त सूचना पर होटल में मारा छापा
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी जिसके आधार पर 1 अक्टूबर को पवई के मरोल इलाके में स्थित होटल ड्रीम इन प्राइम पर छापा मारा गया। ये सभी महिलाएं इसी होटल में ठहरी हुई थीं। पुलिस काफी समय से पवई क्षेत्र में नाइजीरियाई और अन्य विदेशी नागरिकों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इन महिलाओं के पास भारत में रहने के लिए वैध वीज़ा नहीं था फिर भी वे मुंबई में रह रही थीं।
हिरासत में ली गई महिलाओं की पहचान नामुंगे ग्लोरिया (22), नाबीसुबी एस्थर (20), कुरिया सुसान वाम्बुयी (33), एनजेरी बेथ (28), बेरे सेलेस्टाइन (28), मिवाडे मिरे सोविन्या (24), न्गुकु जॉयस वानजिरु (33), नुगेरा सारा चाजिको (28) और मेसडिंच नेली चेपकोरोरिया (27) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: EMI For A Personal Loan: ₹4 लाख के पर्सनल लोन पर अक्टूबर में कितनी होगी EMI? जानें सभी बैंकों की ब्याज दरें
डिपोर्टेशन शुरू, होटल मैनेजर पर भी शिकंजा
महिला पुलिस इकाई ने इन महिलाओं को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ डिपोर्टेशन (देश निकाला) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ये महिलाएँ अपनी पहचान छिपाकर शहर में रह रही थीं।
होटल मैनेजर पर कार्रवाई
पुलिस ने होटल प्रबंधन पर भी कार्रवाई की है जिसने बिना वैध दस्तावेज़ों की पूरी जांच किए इन विदेशी नागरिकों को ठहरने की अनुमति दी थी। मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी। हाल ही में दिल्ली की पुलिस ने भी 29 सितंबर को दो बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार कर डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू की थी।