T20 World Cup Final : न्यूजीलैंड के कप्तान ने अपनाया पैट कमिंस का 2023 वाला टोटका, कही ये बड़ी बात
punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 07:35 PM (IST)
नेशनल डेस्क : ICC Men's T20 World Cup 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च, रविवार को अहमदाबाद के Narendra Modi Stadium में खेला जाएगा। इस महामुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों ही टीमें इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। भारत जहां अपने खिताब को बचाने और घरेलू जमीन पर ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगा, वहीं न्यूजीलैंड की नजर पहली बार टी20 विश्व कप जीतने पर टिकी हुई है।
न्यूजीलैंड कप्तान का ‘कमिंस स्टाइल’ टोटका
फाइनल से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान Mitchell Santner की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में वह अपने मोबाइल फोन से अहमदाबाद की पिच की फोटो लेते नजर आए। क्रिकेट फैंस ने इसे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान Pat Cummins के उस मशहूर पल से जोड़ दिया, जब उन्होंने ICC Cricket World Cup 2023 Final से पहले इसी मैदान की पिच की फोटो ली थी। उस समय भी इस बात पर काफी चर्चा हुई थी कि कमिंस ने ऐसा क्यों किया था।
सैंटनर बोले- करोड़ों फैंस को चुप कराने आए हैं
मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैंटनर ने मजाकिया लेकिन आत्मविश्वास से भरा बयान दिया। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह भारतीय प्रशंसकों का दिल तोड़ने आए हैं, तो उन्होंने कहा कि अगर उनकी टीम जीतती है तो करोड़ों दर्शकों को शांत कराना ही उनका लक्ष्य होगा। सैंटनर के मुताबिक भारत को घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा जरूर है, लेकिन इसके साथ ही उस पर जीत का दबाव भी काफी ज्यादा होगा।
फाइनल में पहली बार भिड़ेंगी दोनों टीमें
टी20 विश्व कप के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब भारत और न्यूजीलैंड फाइनल में आमने-सामने होंगी। आंकड़ों की बात करें तो इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड ज्यादा अच्छा नहीं रहा है। अब तक दोनों टीमें तीन बार भिड़ चुकी हैं और हर बार बाजी न्यूजीलैंड के नाम रही है। ऐसे में अहमदाबाद में होने वाला यह मुकाबला बेहद रोमांचक और ऐतिहासिक होने की उम्मीद है।
