''पापा मैं बहुत परेशान हूं'': युवा जज अमन शर्मा की खुदकुशी मामले में नया मोड़ ; पत्नी और साली पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप
punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 09:24 PM (IST)
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के सफदरजंग इलाके में दिल्ली ज्यूडिशियल सर्विसेज (DJS) के एक होनहार 30 वर्षीय अधिकारी अमन कुमार शर्मा की संदिग्ध मौत से न्यायिक जगत में सनसनी फैल गई है। शुरुआती जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का लग रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 61(2) (आधिकारिक साजिश) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
अंतिम कॉल में छलका था दर्द
अमन के पिता प्रेम शर्मा ने पुलिस को बताया कि घटना की रात करीब 10 बजे उनके बेटे का फोन आया था। अमन ने रोते हुए कहा था, "पापा मैं बहुत परेशान हूं" और आरोप लगाया कि पिछले दो महीनों से उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। बेटे की बात सुनकर पिता तुरंत अलवर से दिल्ली पहुंचे। परिवार का दावा है कि घर पहुंचने पर उन्होंने पति-पत्नी के बीच भारी विवाद देखा, जिसमें पत्नी (जो स्वयं एक न्यायिक अधिकारी हैं) चिल्ला रही थी और अमन रो रहा था।
बाथरूम में दुपट्टे से लटका मिला शव
परिजनों के अनुसार, झगड़े के बाद अचानक सन्नाटा छा गया और अमन कमरे में नहीं मिला। जब उन्हें फोन किया गया, तो मोबाइल की घंटी बाथरूम के अंदर से सुनाई दी। दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों की मदद से पीछे की खिड़की से झांककर देखा गया, जहाँ अमन दुपट्टे के सहारे लटका हुआ पाया गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पत्नी और साली पर उत्पीड़न का आरोप
मृतक के परिजनों ने अमन की पत्नी और साली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अमन पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में था। पिता का आरोप है कि घटना के बाद पत्नी पक्ष के लोग अचानक घर से चले गए और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
एक उभरता हुआ न्यायिक करियर थमा
अमन कुमार शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली ज्यूडिशियल सर्विस जॉइन की थी। पुणे के प्रतिष्ठित सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से स्नातक करने वाले अमन अक्टूबर 2025 से कड़कड़डूमा कोर्ट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव के पद पर तैनात थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।
