राजस्थान रोडवेज का नया अवतार: 1 अप्रैल से सड़कों पर दौड़ेंगी नई बसें, जानिए किन रूट्स पर दौड़ेंगी

punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 05:56 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राजस्थान के बारां रोडवेज डिपो में परिवहन सुविधा को बेहतर बनाने के लिए 7 नई बसें शामिल की गई हैं। इन बसों के आने से डिपो की क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों को जल्द ही बेहतर यात्रा सुविधा मिलने लगेगी। जानकारी के मुताबिक, इन बसों का संचालन 1 अप्रैल से शुरू किया जाएगा और फिलहाल इनके रूट तय किए जा रहे हैं।

लंबी दूरी के रूट्स पर चलेंगी बसें
नई बसों को खास तौर पर लंबी दूरी के रूट्स के लिए तैयार किया गया है। बारां से वाया रावतभाटा होते हुए उदयपुर तक की बस सेवा काफी समय से बंद थी, जिसे अब दोबारा शुरू किया जाएगा। इसके अलावा जयपुर रूट पर भी नई बसों का संचालन किया जाएगा। इससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी और समय की बचत भी होगी।

डिपो की मौजूदा स्थिति
फिलहाल बारां डिपो में कुल 52 बसें हैं, जिनमें से 4 बसें कंडम हो चुकी हैं और उन्हें हटाया जाएगा। ऐसे में नई 7 बसों के जुड़ने के बाद भी बहुत ज्यादा राहत नहीं मिलेगी, लेकिन स्थिति में सुधार जरूर आएगा।

जल्द और बढ़ेगा बेड़ा
अप्रैल महीने के अंत तक डिपो में 18 और नई बसें शामिल होने की उम्मीद है। इसके बाद बसों की संख्या में अच्छा इजाफा होगा और यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे। इससे कई रूट्स पर बसों की संख्या और फेरे बढ़ाए जा सकेंगे।

सरकार से और बसों की मांग
रोडवेज विभाग ने सरकार से अतिरिक्त बसों की मांग भी की है। एलओआई के तहत 18 बसों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, वहीं 25 और बसों की मांग भेजी गई है। डिपो के मुख्य प्रबंधक योगेन्द्र सिंह के अनुसार, नई बसों के आने से यात्रियों को बेहतर और नियमित सेवा मिल सकेगी।

अनुबंध के तहत आई हैं बसें
ये 7 बसें फिलहाल ऑन-कॉन्ट्रैक्ट लाई गई हैं। जल्द ही इनका अनुबंध पूरा कर लिया जाएगा और रूट फाइनल होने के बाद इन्हें नियमित रूप से सड़क पर उतार दिया जाएगा। कुल मिलाकर, बारां रोडवेज डिपो में नई बसों की शुरुआत से लंबे समय से बंद रूट्स फिर से शुरू होंगे और यात्रियों के लिए यात्रा अधिक आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक बन सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News