Nepal Protests: नेपाल की जेल से फरार 30 कैदियों की धड़पकड़, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार से किए काबू
punjabkesari.in Thursday, Sep 11, 2025 - 02:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क : नेपाल की जेल से भागे 30 कैदियों को भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश के दौरान सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से 17 कैदियों को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर, बहराइच और बलरामपुर में रात भर की गश्त के दौरान पकड़ा गया, जबकि शेष 13 को पश्चिम बंगाल और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों से हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई नेपाल की जेल से कैदियों के भागने की सूचना मिलने के बाद शुरू की गई थी।
सीमा पर बढ़ाई गई चौकसी
SSB को बुधवार दोपहर नेपाल की जेल से कैदियों के फरार होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई थी ताकि कोई भी अवैध रूप से भारत में प्रवेश न कर सके। अधिकारियों ने बताया कि सघन गश्त और निगरानी के कारण इन कैदियों को तुरंत पकड़ लिया गया।
नेपाल से निकाले जा रहे तेलुगु लोग
नेपाल में चल रही हिंसा के बीच वहां फंसे तेलुगु लोगों को सुरक्षित निकालने का अभियान गुरुवार को तेज कर दिया गया। आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने बताया कि 200 से अधिक लोगों को हवाई मार्ग से लाने के लिए काठमांडू से नई दिल्ली के बीच एक विशेष उड़ान की व्यवस्था की गई है। सिमिकोट से 12 लोगों को लेकर एक विशेष उड़ान रवाना हुई, जबकि 22 लोगों का एक अन्य समूह सड़क मार्ग से सुरक्षित वापस लौट आया। इसके अलावा, पोखरा से एक चार्टर विमान 10 फंसे हुए तेलुगु लोगों को काठमांडू लाएगा, जहां से वे इंडिगो की उड़ान से भारत लौटेंगे।
133 लोग काठमांडू हवाई अड्डे पर पहुंचे
अधिकारियों के अनुसार, 133 फंसे हुए लोग काठमांडू हवाई अड्डे पर पहुंच चुके हैं, जबकि 43 अन्य के जल्द ही पहुंचने की उम्मीद है। आंध्र प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार, काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास और नेपाली अधिकारियों के साथ मिलकर इस निकासी अभियान को अंजाम दिया है।
नेपाल में 217 आंध्र प्रदेश के नागरिक
आंध्र प्रदेश के कुल 217 नागरिकों का नेपाल में पता लगाया गया है। इनमें से 173 काठमांडू में, 22 हेटौडा में, 10 पोखरा में और 12 नेपाल-चीन सीमा के पास सिमिकोट में हैं। मंत्री नारा लोकेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि 133 लोगों को काफिले की सुरक्षा में हवाई अड्डे तक पहुंचाया जा चुका है। राज्य सरकार ने फंसे हुए नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं और इस दिशा में केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है।