NEET UG Re-Exam 2026 : नीट री-एग्जाम के अभ्यर्थियों को राहत, बिहार, यूपी समेत ये राज्य देंगे फ्री बस की सुविधा

punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 10:46 PM (IST)

नेशनल डेस्कः पेपर लीक के विवादों के बाद दोबारा आयोजित हो रही नीट यूजी (NEET UG) 2026 की परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए सरकारों ने राहत का पिटारा खोल दिया है। 21 जून को होने वाली इस महा-परीक्षा के लिए पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश-बिहार सहित कई राज्यों ने परीक्षार्थियों के लिए मुफ्त बस सेवा का एलान किया है। सरकार का मकसद छात्रों को तनावमुक्त परीक्षा यात्रा सुनिश्चित कराना और आर्थिक बोझ से राहत देना है।

एडमिट कार्ड दिखाओ, मुफ्त सफर पाओ
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए परीक्षार्थियों को किसी तरह के रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी। बस में चढ़ते समय केवल अपना एडमिट कार्ड (हॉल टिकट) दिखाना होगा, जो उनके लिए मुफ्त टिकट का काम करेगा।

इन राज्यों में मिलेगी विशेष सुविधा:

  • हरियाणा: खट्टर सरकार ने सरकारी परिवहन सेवाओं के माध्यम से फ्री सेवा का एलान किया है ताकि अभ्यर्थी केंद्र तक आसानी से पहुंच सकें।
  • दिल्ली: राजधानी में परीक्षार्थी DTC बसों में एडमिट कार्ड दिखाकर मुफ्त सफर कर सकेंगे।
  • बिहार: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर परीक्षा केंद्र तक जाने और वापस लौटने, दोनों यात्राओं के लिए रोडवेज की बसें फ्री रहेंगी।
  • अन्य राज्य: उत्तराखंड (पहाड़ी क्षेत्रों के लिए विशेष लाभ), ओडिशा (134 केंद्रों के लिए 56,983 छात्र लाभान्वित) और आंध्र प्रदेश (APSRTC बसें) ने भी फ्री सेवा की घोषणा की है।

आसमान से पहरा: वायुसेना पहुंचाएगी पेपर, सेना करेगी सुरक्षा
प्रशासन इस बार पारदर्शिता और सुरक्षा में कोई चूक नहीं करना चाहता। सुरक्षा का आलम यह है कि नीट यूजी के पेपर भारतीय वायुसेना के हवाई जहाजों और हेलिकॉप्टरों के जरिए केंद्रों तक पहुँचाए जाएंगे। इतना ही नहीं, आंसर-शीट की सुरक्षा की कमान भारतीय सेना के हाथों में होगी, ताकि कोई परिंदा भी पर न मार सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News