नौसेना की INSV तारिणी ने रचा इतिहास, 17 हजार समुद्री मील की दूरी नापी
punjabkesari.in Saturday, May 06, 2023 - 11:05 PM (IST)

नेशनल डेस्कः छह महीने लंबे पार-महासागरीय अंतरमहाद्वीपीय अभियान के बाद भारतीय नौसेना का नौकायन जहाज ‘तारिणी' अब भारत लौट रहा है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तारिणी ने नंवबर 2022 में गोवा से अपनी यात्रा शुरू की थी।
इस अभियान के दौरान वह ‘केप टू रियो रेस 2023' में भाग लेते हुए दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन से होते हुए ब्राजील के रियो डी जेनेरियो तक पहुंची और वह फिर से भारतीय तट पर पहुंचने के साथ ही 17,000 समुद्री मील की दूरी तय कर लेगी। उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय नौसेना का नौकायन जहाज तारिणी छह महीने लंबे पार-महासागरीय अंतरमहाद्वीपीय अभियान के बाद भारत लौट रहा है। इसने 17 नवंबर 2022 को गोवा में अपनी यात्रा शुरू की थी और 24 मई को उसी स्थान पर यात्रा पूरी होने की संभावना है।''
नौसेना के अधिकारी ने कहा, ‘‘अभियान के दौरान जहाज ने तूफानों, ऊंची लहरों, तेज हवाओं और खराब मौसम का सामना किया, लेकिन यह दो महिला अधिकारी समेत छह अधिकारियों के उसके चालक दल के उत्साह, धैर्य और दृढ़ संकल्प को हिला नहीं सका।''
भारतीय नौसेना के अनुसार, इस नौकायन दौड़ के 50वें संस्करण को दो जनवरी को केप टाउन से हरी झंडी दिखायी गयी थी। आईएनएसवी तारिणी को 2017 में ‘नाविका सागर परिक्रमा' नामक ऐतिहासिक अभियान में पूरी महिला अधिकारी दल के साथ दुनिया भर में भ्रमण करने के लिए जाना जाता है।