भगवान शिव का अनोखा मंदिर, यहां भागे प्रेमी जोड़ों का होता है स्वागत

Wednesday, Aug 03, 2022 - 01:44 PM (IST)

नई दिल्ली: भारत देवी-देवताओं की भूमि है जो प्राचीन मंदिरों के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। भारत में विभिन्न देवी-देवताओं के मंदिर स्थित हैं जो संस्कृति, मान्यताओं या सिद्धि की वजह से जाने जाते हैं। भारत में एक ऐसा शिव मंदिर है जिसका महाभारत से संबंध है। हिमाचल प्रदेश में स्थित भगवान शिव का एक मंदिर प्रेमी जोड़ों की मदद करता है और उनको रहने के लिए आश्रय भी देता है। इस मंदिर के लोगों का मानना है कि प्रेम जिस रूप में भी हो उसे अपनाना चाहिए।  

भगवान शिव का यह प्राचीन मंदिर हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में स्थित है जिसका नाम शंगचूल महादेव मंदिर है। इस मंदिर में हजारों लोग पूजा-अर्चना करने आते हैं। दुनिया में यह मंदिर एक खास वजह से जाना जाता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, कुल्लू की सैंज घाटी में स्थित यह मंदिर 128 बीघा में फैला है। मंदिर के साथ यहां की खूबसूरती लोगों के मन को मोह लेती है। यह मंदिर प्रेमी जोड़ों को आश्रय देने के लिए मशहूर है। 

देशभर से घर छोड़कर भागने वाले और शादी की इच्छा रखने वाले जोड़े इस मंदिर में आते हैं। इस मंदिर में उनके रहने की व्यवस्था की जाती है और गांव वाले भी उनका स्वागत करते हैं। मान्यता है कि जोड़े की सुरक्षा भगवान शिव करते हैं और उनको कोई खतरा नहीं रहता है। यहां पर किसी भी जाति, धर्म, समुदाय के प्रेमी जोड़े आ सकते हैं। सबके लिए एक समान रहने-खाने की व्यवस्था की जाती है। पुलिस भी रोक-टोक नहीं करती है।  
 

Anil dev

Advertising