Middle-class families: मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आज लक्ष्मी की कृपा, पीएम मोदी ने दिए राहत के संकेत

punjabkesari.in Saturday, Feb 01, 2025 - 10:10 AM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट 2025-26 के सत्र की शुरुआत से पहले शुक्रवार को गरीबों, मध्यमवर्गीय परिवारों और महिलाओं को राहत देने के संकेत दिए। उन्होंने अपने मीडिया संबोधन में मां लक्ष्मी के श्लोक का उल्लेख किया और प्रार्थना की कि देश के हर गरीब और मध्यमवर्गीय वर्ग पर मां लक्ष्मी की विशेष कृपा बनी रहे। मोदी ने यह भी कहा कि बजट का उद्देश्य 2047 तक एक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में नए विश्वास को बढ़ाना होगा। उन्होंने यह भी बताया कि 20-25 वर्ष की आयु के युवा जब 45-50 साल के होंगे, तब उन्हें इस विकसित भारत के लाभ का पूरा फायदा मिलेगा।

आज सुबह 11 बजे केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट 2025-26 पेश करेंगी, जो उनका आठवां बजट होगा। इससे पहले प्रधानमंत्री ने इस बजट में गरीबों, मध्यमवर्गीय और महिलाओं के लिए कई अहम निर्णयों के संकेत दिए।

बजट में ये 5 फैसले हो सकते हैं:

  1. टैक्स छूट: नई टैक्स प्रणाली में 5 लाख तक की आय को टैक्स फ्री किया जा सकता है।
  2. स्टैंडर्ड डिडक्शन: 75,000 रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये किया जा सकता है।
  3. इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी): सब्सिडी बढ़ाई जा सकती है और आयकर छूट का दायरा भी बढ़ सकता है।
  4. एमएसएमई: छोटे और मंझले उद्योगों को आसान कर्ज मुहैया कराए जा सकते हैं, ताकि रोजगार सृजन हो सके।
  5. रियल एस्टेट: प्रधानमंत्री आवास योजना में सब्सिडी बढ़ाई जा सकती है।

आर्थिक सर्वे की प्रमुख बातें: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में आर्थिक सर्वे 2024-25 पेश किया, जिसमें देश की अर्थव्यवस्था के प्रमुख आंकड़े दिए गए हैं। सर्वे के अनुसार, 2025-26 में रियल जीडीपी ग्रोथ 6.3% से 6.8% रहने का अनुमान है। 2024-25 में यह 6.4% रहने का अनुमान है, जो पिछले चार साल में सबसे कम हो सकता है। वहीं, 2023-24 में जीडीपी ग्रोथ 8.4% रही थी।

अन्य प्रमुख आंकड़े:

  • रोजगार: 2030 तक गैर-कृषि क्षेत्र में हर साल औसतन 78.5 लाख नए रोजगार सृजित होंगे।
  • महंगाई: 2024-25 के अप्रैल से दिसंबर में औसत महंगाई घटकर 4.9% पर आई, जो 2023-24 में 5.4% थी।
  • ईवी और जल जीवन मिशन: इलेक्ट्रिक वाहनों पर कर छूट और सब्सिडी को बढ़ावा दिया जा सकता है, जबकि जल जीवन मिशन के तहत 12 करोड़ घरों को पाइप से जल की सुविधा दी गई है।

विकास के अन्य क्षेत्र:

  • रेलवे नेटवर्क: अप्रैल से नवंबर 2024 के बीच 2031 किमी रेलवे नेटवर्क चालू किया गया।
  • पीएम आवास योजना: इस योजना के तहत 89 लाख से ज्यादा घर बन चुके हैं।
  • हाईवे निर्माण: 2024-25 के दौरान 5,853 किमी नेशनल हाईवे बनाए गए।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News