Namo Bharat Train: 38 मिनट में नोएडा से गुरुग्राम! नमो भारत ट्रेन तीन नए शहरों से जुड़ेगी, जानें कब

punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 11:30 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली-मेरठ रूट की सफलता के बाद, नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) के यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को घोषणा की कि नमो भारत (RRTS) प्रोजेक्ट का विस्तार अब गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा को जोड़ने के लिए किया जा रहा है। इस नए हाई-स्पीड कॉरिडोर के फाइनल एलाइनमेंट को आधिकारिक मंजूरी मिल गई है।

₹15,000 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट और रूट की रूपरेखा

लगभग 61 किलोमीटर लंबे इस नए रूट को तैयार करने में करीब 15,000 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। इस पूरे कॉरिडोर पर कुल 6 मुख्य स्टेशन बनाए जाएंगे, जो दिल्ली-एनसीआर के तीन सबसे बड़े औद्योगिक और रिहायशी हब को आपस में जोड़ेंगे।

इफ्को चौक बनेगा मुख्य जंक्शन

इस नए रूट का केंद्र बिंदु गुरुग्राम का इफ्को चौक होगा। यह स्टेशन इसलिए खास है क्योंकि यहीं पर दिल्ली-बावल नमो भारत लाइन और नई नोएडा-फरीदाबाद लाइन का मिलन होगा। इससे यात्रियों को एक रूट से दूसरे रूट पर जाने के लिए कहीं बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

यात्रा का प्रस्तावित मार्ग:

  1. गुरुग्राम: इफ्को चौक से शुरू होकर ट्रेन ब्रिगेडियर उस्मान चौक पहुंचेगी।

  2. फरीदाबाद: इसके बाद यह फरीदाबाद के बाटा चौक और सेक्टर 85-86 को कवर करेगी।

  3. नोएडा: अगला पड़ाव नोएडा का सेक्टर 142 होगा, जहाँ यात्री एक्वा लाइन मेट्रो से भी कनेक्ट हो सकेंगे।

  4. सूरजपुर (ग्रेटर नोएडा): अंत में यह रूट सूरजपुर तक जाएगा, जहाँ इसे गाजियाबाद-जेवर एयरपोर्ट वाले प्रस्तावित मार्ग से जोड़ दिया जाएगा।

समय की बड़ी बचत और सुगम सफर

वर्तमान में सड़क मार्ग से नोएडा से गुरुग्राम जाने में अक्सर 1.5 से 2 घंटे का समय लगता है, लेकिन नमो भारत के शुरू होने के बाद यह दूरी महज 38 मिनट में सिमट जाएगी। यह हाई-स्पीड नेटवर्क न केवल समय बचाएगा, बल्कि सड़कों पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम और प्रदूषण को कम करने में भी मील का पत्थर साबित होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News