नड्डा बोले- विपक्ष का काम अटकाना, भटकाना और लटकाना, भारत में चल रहा दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान

punjabkesari.in Monday, Jun 21, 2021 - 08:36 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा कहा है कि देश में चलने वाला टीकाकरण अभियान दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे तेज वैक्सीनेशन अभियान है हालांकि विपक्षी दलों ने इस महाभियान में बाधा उत्पन्न करने की कोशिशें की हैं।

नड्डा ने सोमवार को यहां डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम‘कार्यकर्ता सहयोग और टीकाकरण केंद्र'का जायजा लेकर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘टीकाकरण अभियान में रुकावट पैदा करने के साथ-साथ विपक्षी दलों ने जनता को भी गुमराह करने की साजिश रची गई।

वास्तव में विपक्ष का काम केवल अटकाना, भटकाना और लटकाना है, लेकिन, विपक्ष के दुष्प्रचार को अनदेखा करते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में समस्त देशवासी वैक्सीन लगाने के लिए आगे आये। जिन नेताओं ने ‘मेड इन इंडिया' वैक्सीन पर सवाल उठाये थे, आज वे भी टीका लगवा रहे हैं। आखिर यह परिवर्तन कैसे? उनका मन बदला, दिल बदला या आत्मा बदली? विपक्षी नेताओं ने इस पवित्र कार्य में भी राजनीति की''

विपक्ष पर हमला करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कुछ विपक्षी पाटिर्यों के नेता पहले कहते थे कि वैक्सीन नहीं है, फिर कहने लगे कि वैक्सीन भंडारण करने का अधिकार राज्य सरकारों को देना चाहिए, फिर कहने लगे कि भंडारण केंद्र को करना चाहिए। विपक्ष ने पहले‘लॉकडाउन पर सवाल उठाया, फिर कहा कि‘लॉकडाउन'क्यों लगाया? हर बात में केवल विरोध के नाम पर विरोध की राजनीति विपक्ष का काम है। उन्होंने कहा कि आज भारत उन सात देशों में शामिल है, जिन्होंने अपना टीका विकसित किया। भारत‘वैक्सीन'बनाने वाला भी,‘वैक्सीन'लगाने वाला भी और‘वैक्सीन'दुनिया को भी देने वाला देश है।

‘कोविशील्ड'और‘कोवैक्सीन' के बाद‘स्पुतनिक'को भारत में निर्माण के लिए लाइसेंस दिया गया। दुनिया के कई अन्य वैक्सीन को भी मंजूरी दी गई। जून में लगभग 10 करोड़, जुलाई में लगभग 17 करोड़, अगस्त में लगभग 19 करोड़, सितंबर में लगभग 42 करोड़, अक्टूबर में लगभग 46 करोड़'नवंबर में लगभग 56 करोड़ और दिसंबर में लगभग 59 करोड़ वैक्सीन डोज प्रति माह की दर से भारत में उत्पादन होने की योजना है। इस तरह वर्ष के अंत तक भारत के पास लगभग ढाई सौ करोड़ वैक्सीन डोज उपलब्ध होगी। भारत डबल डोज को तेज गति से लगाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

नड्डा ने कहा कि विपक्ष के कुछ नेता केवल ट्विटर पर नजर आ रहे हैं तो कुछ टीवी पर अपना चेहरा चमकाने की कोशिश में लगे हुए हैं। कुछ विपक्षी पाटिर्यां‘आइसोलेशन'में चली गई हैं, कुछ‘क्वारंटाइन'हो गई हैं, वहीं कुछ तो‘आईसीयू'तक चली गई हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने जिस तरह भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहरों में से एक योग को पूरी दुनिया में पहुंचाया है और दुनिया ने जिस तरह इसे सराहा है और अंगीकार किया है, यह बताता है कि भारत की इस विधा की ताकत कितनी है

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News