Saki Naka: कैमरे में कैद हुई मौत, बालकनी का हिस्सा गिरने से व्यक्ति की मौत

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 09:30 AM (IST)

मुंबई: मुंबई के साकीनाका इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां 24 सितंबर को एक वेयरहाउस की बालकनी जैसे जर्जर हिस्से का मलबा गिरने से 49 वर्षीय हिम्मत भानुशाली गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तुरंत एल. एच. हीरानंदानी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन शाम लगभग 6:30 बजे इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें अचानक मलबे का भारी हिस्सा भानुशाली के ऊपर गिरते हुए दिखाई दे रहा है।

लगभग 8 साल से बंद था वेयरहाउस, बिना परमिशन निर्माण का आरोप
हिम्मत भानुशाली के परिजनों का कहना है कि जिस इमारत का हिस्सा गिरा, वह वेयरहाउस पिछले 8 वर्षों से बंद पड़ा था और लंबे समय से उसकी देखरेख नहीं की गई थी। परिवार का आरोप है कि  इमारत की जर्जर हालत होने के बाद भी हाल ही में वहां निर्माण का काम शुरू कराया गया था। काम के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा गया। परिजनों ने आशंका जताई है कि इस निर्माण कार्य के लिए बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) से आवश्यक अनुमतियां नहीं ली गई थीं।
 
पुलिस जांच शुरू, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग
घटना के बाद भानुशाली परिवार ने मुंबई पुलिस और BMC से संपर्क कर मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की गुहार लगाई है। परिवार का कहना है कि अधिकारी यह साफ़ करें कि निर्माण कार्य वैध था या नहीं और इस लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने काम में शामिल संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच आगे बढ़ा रही है। अचानक हुए इस हादसे से भानुशाली परिवार सदमे में है और अपने परिजन को खोने के बाद अब वे केवल न्याय और जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News