महाराष्ट्र में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका, उर्मिला के बाद इस बड़े नेता ने दिया पार्टी से इस्तीफा

punjabkesari.in Tuesday, Sep 10, 2019 - 07:27 PM (IST)

नेशनल डेस्कः महाराष्ट्र में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। मुंबई कांग्रेसे के बड़े नेता और उत्तर भारतीय चेहरा कृपाशंकर सिंह ने आज पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी महाराष्ट्र चुनाव प्रभारी मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंप दिया है। कृपाशंकर सिंह दो दिनों से दिल्ली में कैंप कर रहे थे।
PunjabKesari
कांग्रेस की महाराष्ट्र चुनाव के लिए हो रही स्क्रूटनी कमेटी की बैठक में उन्होंने कश्मीर पर कांग्रेस के लिए गए स्टैंड पर खुलकर नाराजगी जताई और फिर बाहर आकर इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कर्नाटक भवन में जाकर कांग्रेस के सीनियर नेता मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात की और इस्तीफा सौंप दिया।
PunjabKesari
सूत्रों के मुताबिक, कृपाशंकर सिंह ने इस्तीफा कश्मीर से आर्टिकल 370 व 35A हटाने पर कांग्रेस के लिए गए स्टैंड से नाखुश होकर दिया है। वो पहले ही कश्मीर पर मोदी सरकार की भूमिका का खुलकर स्वागत कर चुके हैं। कई बार विधायक रहे कृपाशंकर सिंह मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष तो रहे ही हैं, महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री भी रह चुके हैं लेकिन उनकी सबसे बड़ी यूएसपी उत्तर भारतीयों में उनका प्रभाव है। मुंबई में उत्तर भारतीयों का तगड़ा वोट बैंक और कई सीटों पर तो ये निर्णायक भूमिका भी अदा करता है। 
PunjabKesari
वैसे पिछले दस दिनों से कृपाशंकर सिंह के कांग्रेस छोड़ने की अटकलें तेज थीं। बीजेपी और शिवसेना दोनों उन्हें रिझाने की कोशिश में लगी थीं क्योंकि आगामी विधानसभा चुनावों में उत्तर भारतीय वोटों पर सबकी नजर है। हाल ही उनके घर पर गणपति के दर्शन करने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा पहुंचे थे। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने सपरिवार जाकर कृपाशंकर सिंह के घर गणेश दर्शन किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News