मुंबई: मरीन ड्राइव पर मोटरसाइकिल ने पैदल यात्री को मारी टक्कर, 3 व्यक्तियों की मौत

punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 04:01 PM (IST)

नेशनल डेस्क। मुंबई स्थित मरीन ड्राइव पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने एक पैदल यात्री को टक्कर मार दी। इस घटना में तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस ने दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब 5.40 बजे एन एस रोड पर पारसी जिमखाना जंक्शन सिग्नल पर हुई, जब पैदल यात्री सड़क पार कर रहा था। 

उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था जिसके पीछे एक महिला बैठी थी। उन्होंने बताया कि चालक ने सिग्नल की अनदेखी की और पैदल यात्री को टक्कर मार दी। अधिकारी ने बताया कि राहगीरों ने तीनों घायलों- मोटरसाइकिल चालक, महिला यात्री और पैदल यात्री - को जीटी अस्पताल पहुंचाया जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया। 

यह भी पढ़ें: हैदराबाद एयरपोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, जांच के बाद ईमेल निकला फर्जी

पैदल यात्री की पहचान किशोर पांडुरंग लामने (66) के रूप में हुई है जो गिरगांव के रहने वाले थे जबकि मोटरसाइकिल चालक कृष्णा उदय देसाई (19) मुलुंड निवासी था। उन्होंने बताया कि महिला यात्री की पहचान के प्रयास जारी हैं जिनकी उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच होने का अनुमान है। 

पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल चालक संभवतः गति को नियंत्रित नहीं कर पाया जिसके कारण उसने पैदल यात्री को टक्कर मार दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मरीन ड्राइव पुलिस थाने में दुर्घटनावश मृत्यु का एक मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आगे की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News