Maharashtra: अब अपनी मर्जी से फुल नहीं करवा पाएंगे टंकी, नए आदेश जारी... जानें अब किसे कितना मिलेगा ईंधन?
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 10:53 AM (IST)
Petrol Diesel Price: महाराष्ट्र के कोल्हापुर में इन दिनों सड़कों पर पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी ज्यादा दिख रही है। सोशल मीडिया पर उड़ी एक अफवाह ने लोगों के मन में ऐसा डर बैठाया कि हर कोई अपनी गाड़ी की टंकी फुल कराने के लिए घर से निकल पड़ा। आलम यह हुआ कि देखते ही देखते पंपों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। इस बेकाबू भीड़ और ईंधन की 'पैनिक बाइंग' को रोकने के लिए जिला प्रशासन को अब सख्त नियम लागू करने पड़े हैं।
अफवाह ने बिगाड़ा खेल, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
जिलाधिकारी अमोल येडगे ने स्पष्ट किया है कि जिले में Petrol Diesel का कोई अकाल नहीं पड़ा है, बल्कि झूठी खबरों ने मांग और सप्लाई का गणित बिगाड़ दिया है। लोग जरूरत से ज्यादा तेल जमा करने लगे, जिससे पंपों पर अचानक बोझ बढ़ गया। इसी को देखते हुए 31 मार्च 2026 तक के लिए ईंधन की बिक्री पर कुछ पाबंदियां लगा दी गई हैं।
अब किसे कितना मिलेगा ईंधन?
नए आदेश के मुताबिक, अब आप अपनी मर्जी से टंकी फुल नहीं करवा पाएंगे। दोपहिया वाहनों के लिए एक बार में अधिकतम 200 रुपये का ईंधन तय किया गया है। वहीं, Auto-Car यानि 3 और 4 पहिया गाड़ियों के मालिक केवल 2000 रुपये तक का ही तेल डलवा सकेंगे। सबसे अहम बात यह है कि बोतल, कैन या ड्रम में पेट्रोल ले जाने पर पूरी तरह से बैन लगा दिया गया है। अगर कोई इन नियमों को ठेंगा दिखाता है, तो प्रशासन ने उसके खिलाफ कानूनी डंडा चलाने की तैयारी भी कर ली है।
इमरजेंसी सेवाओं को राहत, पारदर्शिता पर जोर
भले ही आम जनता के लिए राशनिंग लागू हो गई हो, लेकिन एम्बुलेंस, दमकल विभाग और सरकारी आपातकालीन वाहनों को इससे बाहर रखा गया है। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तेल मिलता रहेगा। साथ ही, अब हर पेट्रोल पंप मालिक को अपने पास मौजूद स्टॉक की जानकारी बोर्ड पर लिखनी होगी ताकि जनता को सच पता रहे और अफवाहों का बाजार ठंडा पड़े।
अधिकारियों का कहना है कि कोल्हापुर में तेल का भंडार पर्याप्त है। कुछ पंपों पर सामान्य से 30 प्रतिशत ज्यादा बिक्री होने की वजह से किल्लत महसूस हो रही थी। प्रशासन ने लोगों से हाथ जोड़कर अपील की है कि वे घबराएं नहीं और केवल जरूरत भर ही ईंधन खरीदें। यह नई व्यवस्था 25 मार्च से लागू हो चुकी है, जो अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगी।
