थलसेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे को नेपाल में मिला सम्मान, गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत

punjabkesari.in Thursday, Nov 05, 2020 - 11:44 AM (IST)

नेशनल डेस्क: थलसेना अध्यक्ष जनरल एमएम नरवणे तीन दिवसीय नेपाल यात्रा पर हैं। नेपाल सेना मुख्यालय में वीरवार सुबह भारतीय सेना प्रमुख गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जनरल नरवणे को वर्षों पुरानी परंपरा के तहत नेपाली राष्ट्रपति द्वारा ‘नेपाली सेना के जनरल' का मानद पद भी प्रदान किया जाएगा। 1950 में इस परंपरा की शुरुआत हुई थी। 

PunjabKesari

नेपाल भारत के बीच संबंध होंगे मजबूत 
नरवणे की यात्रा का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच सीमा विवाद के बाद तनावपूर्ण हुए द्विपक्षीय संबंधों में पुन: सामंजस्य स्थापित करना है। वह नेपाली सेना के प्रमुख जनरल पूर्ण चंद्र थापा के आमंत्रण पर नेपाल की यात्रा पर हैं। उनके साथ उनकी पत्नी वीणा नरवणे भी हैं जो भारतीय सेना की ‘आर्मी वाइव्ज वेल्फेयर एसोसिएशन' की अध्यक्ष हैं। नरवणे के नेपाल पहुंचने पर त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल प्रभु राम ने उनकी अगवानी की। नेपाली सेना के एक बयान में कहा गया था कि नेपाल की सेना का मानना है कि इस तरह के उच्चस्तरीय दौरों तथा परंपरा के जारी रहने से दोनों सेनाओं और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने में मदद मिलती है।

PunjabKesari

नरवणे की यात्रा से दोनों देशों को काफी उम्मीद 
जनरल नरवणे ने नेपाल यात्रा से एक दिन पहले कहा था कि उन्हें इस यात्रा का बेसब्री से इंतजार है। उन्होंने साथ ही विश्वास जताया कि यह यात्रा दोनों देशों की सेनाओं के बीच ‘‘मित्रता के बंधन'' को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। जनरल नरवणे की छह नवंबर तक चलने वाली नेपाल की तीन दिवसीय यात्रा का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच सीमा विवाद के बाद तनावपूर्ण हुए द्विपक्षीय संबंधों में पुन: सामंजस्य स्थापित करना है। 

PunjabKesari

जनरल थापा से भी मुलाकात करेंगे थलसेना अध्यक्ष
प्रधानमंत्री ओली से जनरल नरवणे की होने वाली मुलाकात को इस लिहाज से अहम माना जा रहा है कि इससे दोनों देशों के बीच मानचित्र विवाद को पीछे छोड़ते हुए संबंधों में नए सिरे से सामंजस्य स्थापित किया जा सकता है। माई रिपब्लिका डॉट कॉम के अनुसार नरवणे की नेपाल यात्रा को सुरक्षा एवं विदेशी नीति विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण करार दिया है और कहा है कि यह दोनों पड़ोसियों के बीच एक और उच्चस्तरीय वार्ता के लिए सकारात्मक माहौल बनाकर भारत-नेपाल के संबंधों को पुन: पटरी पर लाने में मदद करेगी। अधिकारियों ने कहा कि जनरल नरवणे विभिन्न मुद्दों पर जनरल थापा से भी विस्तृत बातचीत करेंगे जिनमें सेनाओं के बीच सहयोग बढ़ाना तथा दोनों देशों के बीच करीब 1,800 किलोमीटर लंबी सीमा के प्रबंधन को मजबूत करना शामिल है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News