MP Road Accident: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 6 की मौत, 40 से अधिक घायल
punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 01:42 PM (IST)
Madhya Pradesh Tractor Trolley Crash : मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शुक्रवार शाम को श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई है जबकि 40 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शनिवार (30 मई) को इस हादसे की आधिकारिक पुष्टि की है।
इस मौके पर अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना कर्णपाथर पुलिस थानाक्षेत्र के बिजजौरा गांव के पास हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 50 लोग सवार थे और चालक के वाहन पर से नियंत्रण खो देने के कारण यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग पूजा के लिए पद्मनिया से बिजौरा गांव जा रहे थे। अधिकारी ने बताया कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्यों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: Congress Leader Death: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद का 76 वर्ष की उम्र में निधन
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया गहरा दुख
इस बड़े हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर दुख साझा करते हुए कहा:
"बिजौरा गांव में श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की असामयिक मृत्यु और कई नागरिकों के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं ईश्वर से घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"

पीड़ित परिवारों के लिए 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद
वहीं हादसे की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। सरकार की ओर से इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी। इसके साथ ही प्रशासन को घायलों के मुफ्त और बेहतर इलाज के निर्देश जारी किए गए हैं।
