Warnings For Lovebirds : जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना, Valentine's Day पर कपल्स की खैर नहीं! पकड़े गए तो...

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 02:14 PM (IST)

Babu Sona Alert : 14 फरवरी यानी वैलेंटाइन डे से पहले मध्य प्रदेश के सागर जिले में इश्क के दुश्मनों ने अपनी कमर कस ली है। पश्चिमी संस्कृति के इस त्योहार का विरोध करने के लिए शिवसेना ने अपना पारंपरिक और आक्रामक मोर्चा खोल दिया है। शहर के पहलवान बाबा मंदिर में शिवसैनिकों ने बाकायदा डंडों (लठों) का पूजन किया और उन्हें तेल पिलाकर इलाज के लिए तैयार किया है।

डंडों की पूजा और कोना-कोना साफ करने की हुंकार

शिवसेना के उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मंदिर में लठ-पूजन किया। इस दौरान शिवसैनिकों ने एक अनोखा और मजाकिया नारा बुलंद किया, 'जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना'। उनका कहना है कि वैलेंटाइन डे भारतीय संस्कृति के खिलाफ है और इसके नाम पर अश्लीलता फैलाने वालों को इस बार बख्शा नहीं जाएगा।

शिवसेना का इंस्टेंट मैरिज प्लान

शिवसेना ने इस बार केवल डंडे चलाने की बात नहीं की है बल्कि प्रेमियों के लिए एक स्पेशल ऑफर भी निकाला है। पप्पू तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा अगर कोई प्रेमी जोड़ा सार्वजनिक स्थलों, पार्कों या रेस्टोरेंट में अश्लीलता फैलाते पकड़ा गया तो शिवसैनिक वहीं उनके फेरे करवा देंगे। पकड़े जाने पर कपल्स के माता-पिता को मौके पर बुलाया जाएगा और उनके बालिग होने की स्थिति में तत्काल विवाह संपन्न कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें: No Man Allowed: यहां पुरुषों की No-Entry! समुद्र के बीचों-बीच बसा है औरतों का अपना अनोखा आइलैंड, जानें क्यों मर्दों का जाना है बैन?

होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को अल्टीमेटम

शिवसैनिकों का डंडा सिर्फ कपल्स पर ही नहीं बल्कि व्यावसायिक संस्थानों पर भी चलने को तैयार है। संगठन ने शहर के होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं। 14 फरवरी को किसी भी तरह के वैलेंटाइन इवेंट या अश्लील पार्टियों का आयोजन न करें। यदि नियमों का उल्लंघन हुआ तो तोड़फोड़ और उग्र विरोध की जिम्मेदारी संचालकों की होगी।

प्रशासन और जनता में हलचल

शिवसेना की इस 'लठमार' चेतावनी के बाद प्रेमी जोड़ों और होटल मालिकों में हड़कंप है। संगठन का दावा है कि उनकी टीमें पूरे शहर में निगरानी रखेंगी ताकि पाश्चात्य संस्कृति के इस अंधानुकरण को रोका जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News