PM मोदी हैदराबाद-तेलंगाना को देंगे बड़ी सौगात , 11,300 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का करेंगे शुभारंभ, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें
punjabkesari.in Saturday, Apr 08, 2023 - 05:18 AM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को यहां सिकंदराबाद-तिरुपति वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के अलावा तेलंगाना में 11,300 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। हैदराबाद के दौरे के दौरान मोदी यहां परेड ग्राउंड में एक जनसभा में भी हिस्सा लेंगे। वह हैदराबाद के समीप अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बीबीनगर और पांच राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
PM मोदी चेन्नई हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल भवन का करेंगे उद्घाटन
इसके अलावा पीएम मोदी आज चेन्नई हवाईअड्डे पर नए एकीकृत टर्मिनल भवन (एनआईटीबी) फेज -1 का उद्घाटन करेंगे। नया भवन 2,20,972 वर्गमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है और 2,467 करोड़ रुपए की लागत से दो चरणों में परिकल्पित है और यह लगातार बढ़ते यात्री यातायात को पूरा करेगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुखोई-30 एमकेआई में भरेंगी उड़ान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज असम में तेजपुर वायुसेना स्टेशन से सुखोई 30 एमकेआई लड़ाकू विमान (Sukhoi 30 MKI Fighter Aircraft) में उड़ान भरेंगी। इससे पहले 2009 में पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने फ्रंट लाइन के लड़ाकू विमान में उड़ान भरी थी। राष्ट्रपति मुर्मू 6 से 8 अप्रैल तक असम के दौरे पर होंगी।
जम्मू फिल्म महोत्सव का तीसरा संस्करण आज से शुरू होगा
दो-दिवसीय जम्मू फिल्म महोत्सव के तीसरे संस्करण का आयोजन यहां शनिवार से होगा, जिसमें 11 देशों की फिल्में दिखाई जाएंगी। महोत्सव के निदेशक राकेश रोशन भट ने कहा कि भारत, ईरान, फ्रांस, रूस और इटली सहित 11 देशों की 50 से अधिक फीचर फिल्में, लघु फिल्में और वृत्तचित्र इसमें दिखाए जाएंगे।
धार्मिक झंडा जलाए जाने के विरोध में आदिवासी संगठनों का रांची में बंद का आह्वान
उपद्रवियों द्वारा एक धार्मिक झंडा जलाए जाने के विरोध में झारखंड के आदिवासी संगठनों ने शनिवार को रांची में एक दिवसीय बंद का आह्वान किया है। झारखंड पहान महासंघ, केंद्रीय सरना समिति, राजी सरना प्रार्थना महासभा एवं अन्य आदिवासी संगठनों ने सरना झंडा जलाए जाने के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लेकर अल्बर्ट एक्का चौक तक शुक्रवार को मशाल जुलूस निकाला और दोषी असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी की मांग की।
‘भारत जोड़ो यात्रा' से पैदा विमर्श से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है भाजपा: कांग्रेस
कांग्रेस ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ‘भारत जोड़ो यात्रा' से पैदा हुए विमर्श से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया कि भारत जोड़ो यात्रा से राहुल गांधी ने एक ज़बरदस्त राष्ट्रीय विमर्श बनाया,जो वास्तव में परिवर्तनकारी था। हताश भाजपा उस विमर्श को खत्म करने और उससे ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अफसोस की बात है कि इसमें कुछ बड़े पदों पर बैठे हुए महानुभाव भी शामिल हैं, जिन्हें निष्पक्ष होना चाहिए।
RSS चीफ भागवत बोले- जिन्होंने आजादी की लड़ाई लड़ी, उन्हें अपराधी घोषित किया
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डा. मोहनराव भागवत ने शुक्रवार को कहा कि दक्षिण के प्रांतों में हिंदू आध्यात्मिक गुरुओं द्वारा किए गए सेवा कार्य मिशनरियों से कहीं अधिक हैं। भागवत ने कहा कि जिन्होंने आजादी की लड़ाई लड़ी, उन्हें अपराधी घोषित कर दिया गया और वे इधर-उधर घूम रहे हैं। उन्होंने कहा,‘‘ सेवा कहने के बाद सामान्यतः देश के प्रबुद्धजन मिशनरियों का नाम लेते हैं।
गर्मी में चिल्ड बीयर के लिए तरस रहे दिल्लीवासी, नहीं मिल पा रहे पंसदीदा ब्रांड, जानिए क्या है वजह?
गर्मियां आ रही हैं और बीयर प्रेमी अपने पसंदीदा ब्रांड की ठंडी बोतलों की तलाश में हैं.. लेकिन कई ठेकों से उन्हें खाली हाथ मायूस लौटना पड़ रहा है। शहर के कई हिस्सों में लोगों ने इस समस्या को लेकर शराब विक्रेर्ताओं से शिकायत की है। हालांकि संबंधित अधिकारियों ने कुछ लोकप्रिय ब्रांड की बीयर उपलब्ध न होने की शिकायतों का खंडन किया, लेकिन स्वीकार किया कि ‘रेफ्रिजरेटर' और ‘चिलर' के लिए निगमों द्वारा निविदाएं जारी की गई हैं और वे जल्द ही दुकानों में उपलब्ध होंगे।
कांग्रेस को दक्षिण में एक और झटका, आंध्र प्रदेश के पूर्व CM रेड्डी BJP में शामिल
कांग्रेस के पूर्व नेता एवं अविभाजित आंध्र प्रदेश के अंतिम मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी शुक्रवार को भाजपा में शामिल हुए। किरण प्रह्लाद जोशी की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। किरण ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि उन्होंने राज्य के विकास के लिए यह कदम उठाया है।
अब समलैंगिक जोड़े भी ले सकेंगे बच्चे गोद! सुप्रीम कोर्ट में DCPCR ने लगाई गुहार
अब समलैंगिक जोड़े भी बच्चे गोद ले सकेंगे। दरअसल, दिल्ली सरकार के बाल अधिकार संरक्षण आयोग (DCPCR) ने सुप्रीम कोर्ट में एक अर्जी दाखिल की है जिसमें समलैंगिक विवाह को मान्यता देने की मांग वाली याचिकाओं के साथ सुनवाई की मांग की है। इसके साथ ही डीसीपीसीआर ने कहा है कि समलैंगिक जोड़ों को भी बच्चे गोद लेने की अनुमति दी जाए। इसके लिए याचिका में अलग-अलग तर्क दिए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट में पांच जजों के संविधान पीठ को 18 अप्रैल को इस मामले पर सुनवाई करनी है।