भाजपा का दावा, मोदी सरकार ने महिलाओं का वास्तव में सशक्तीकरण किया

punjabkesari.in Friday, Jun 28, 2024 - 05:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क : देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी को रेखांकित करते हुए भारतीय जनता पार्टी की एक सदस्य ने शुक्रवार को कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, नारीशक्ति वंदन अधिनियम आदि वह कदम हैं जिनसे देश की आधी आबादी का वास्तव में सशक्तीकरण हुआ है। राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा ले रही भाजपा की कविता पाटीदार ने कहा कि नरेन्द्र मोदी नीत केंद्र सरकार की योजनाओं की वजह से पिछले एक दशक में महिलाओं का वास्तव में सशक्तीकरण हुआ है और वह पहले से अधिक मजबूत हुई हैं। उन्होंने कहा कि बीते 10 वर्षों में करीब 10 करोड़ महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर हुई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का अभियान चलाया है और यह एक सराहनीय कदम है।

उन्होंने कहा, ‘‘महिलाओं का कौशल संपन्न बनाने के लिए, उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत हज़ारों स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को ड्रोन दिए जा रहे हैं, ड्रोन पायलट बनने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे वे न केवल प्रौद्योगिकी से जुड़ रही हैं बल्कि अपनी स्थिति भी मजबूत कर रही हैं।'' पाटीदार ने कहा कि इसी तरह हाल में ही शुरू किए गए कृषि सखी कार्यक्रम के तहत स्व-सहायता समूहों की 30 हज़ार महिलाओं को कृषि सखी के रूप में प्रमाण पत्र दिए गए हैं और ‘‘कृषि सखियों को खेती की आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बीते 10 वर्ष में बने चार करोड़ मकानों में से ज्यादातर मकान महिलाओं को आबंटित हुए हैं और नए बनने वाले घरों में से भी ज्यादातर मकान महिलाओं को मिलेंगे।

उन्होंने कहा ‘‘भारत में हुए चुनाव की चर्चा पूरी दुनिया में है और एक भारत श्रेष्ठ भारत की हमारी परिकल्पना के चलते जम्मू कश्मीर में उल्लेखनीय मतदान हुआ है।'' पाटीदार ने कहा कि देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी सरकार पर इसलिए भरोसा जताया क्योंकि यह चुनाव ईमानदारी, नीति, नीयत, निष्ठा, योजना और सुशासन का चुनाव था। दस साल में भारत का 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था से आगे बढ़ कर पांचवे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाना बताता है कि मोदी सरकार की ईमानदारी, नीति, नीयत, निष्ठा, योजना और सुशासन देश को ऊंचाइयों तक लेजाने में कितना सक्षम है। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में सरकार आधुनिक मानदंडों के आधार पर काम कर रही है ताकि भारत विकसित देश बन सके।

भाजपा सदस्य ने कहा ‘‘बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर मानते थे कि समाज की प्रगति निचले तबके की प्रगति पर निर्भर करती है। कोविड काल में गरीबों को मुफ्त अनाज देना, 25 हजार जन औषधि केंद्र खोलना, शौचालयों का निर्माण आंबेडकर के सपने को हकीकत में बदलने की मुहिम है। '' पाटीदार ने कहा ‘‘संविधान पर भ्रम फैलाने वाले याद करें कि संविधान पर भीषण हमला 25 जून 1975 में हुआ था जब देश में आपातकाल लागू किया गया था। तब कई परिवार बर्बाद हुए थे। '' वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के गोला बाबूराव ने कहा कि बदलती और दूरदर्शी सोच का इससे बेहतर उदाहरण और क्या हो सकता है कि एक आदिवासी महिला भारत की राष्ट्रपति हैं।

उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद अब वहां के लोगों को भी उन सभी योजनाओं का लाभ मिल रहा है जो देश के विभिन्न हिस्सों के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘विकास की राह में बढ़ रहे भारत के लिए यह जरूरी कदम है।'' गोला बाबूराव ने युवाओं के लिए नीतियां बनाने की मांग की ताकि उन्हें रोजगार मिल सके और स्वरोजगार के इच्छुक युवा अपनी इच्छा के अनुसार काम कर सकें। उन्होंने महिलाओं के विकास के लिए और कदम उठाने की जरूरत भी रेखांकित की। उन्होंने कहा कि आंध्रप्रदेश को विभाजित कर तेलंगाना का गठन किया गया था और तब आंध्रप्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया गया था। उन्होंने कहा,‘‘यह दर्जा अब तक नहीं दिया गया। इस पर पुन:विचार करना चाहिए क्योंकि राज्य को विभाजन से गहरा नुकसान हुआ है।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News