गलवान संघर्ष के बाद पीएम मोदी का पहला चीन दौरा, SCO समिट में लेंगे हिस्सा
punjabkesari.in Wednesday, Aug 06, 2025 - 04:45 PM (IST)
नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने के अंत में एक महत्वपूर्ण विदेश यात्रा पर रवाना होंगे। अपने दौरे के तहत वे पहले जापान जाएंगे, जिसके बाद चीन में होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में हिस्सा लेंगे। यह दौरा कूटनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी 30 अगस्त को जापान के लिए रवाना होंगे, जहां वे जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के साथ भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस उच्चस्तरीय बैठक में दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी सहयोग को और गहराने पर चर्चा होगी। उम्मीद की जा रही है कि इस वार्ता के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कई द्विपक्षीय समझौतों पर भी हस्ताक्षर हो सकते हैं।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी 31 अगस्त से 1 सितंबर के बीच चीन के तियानजिन शहर में आयोजित होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह यात्रा कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि वर्ष 2019 के बाद यह पीएम मोदी की पहली चीन यात्रा होगी।
इस उच्चस्तरीय बैठक में सदस्य देशों के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा, आतंकवाद से मुकाबला, व्यापारिक सहयोग और बहुपक्षीय सहयोग जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस समिट के जरिए भारत और अन्य सदस्य देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को नया आयाम मिल सकता है।
