मोदी सरकार का मिशन वंदे भारत: चार दिन में देश लौटे 3908 भारतीय, आज रात UAE से भी लौटेंगे लोग

Monday, May 11, 2020 - 04:33 PM (IST)

नेशनल डेस्क: विदेशों में फंसे भारतीयों को स्वदेश लाने के लिए मोदी सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘वंदे भारत’ मिशन के तहत पहले चार दिन में 3908 लोग देश लौट चुके हैं। आधिकारिक  जानकारी के अनुसार, 7 मई से 10 मई तक सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया और उसकी सहयोगी एयरलाइन एयर इंडिया एक्सप्रेस की 23 उड़ानों से कुल 3,908 भारतीयों को स्वदेश लाया गया है। सरकार की योजना आरंभ में 12 देशों से 64 उड़ानों के परिचालन की है जिनमें 14,800 लोगों को वापस लाया जाना है। 

 

अमेरिका में फंसे 118 लोग हैदराबाद पहुंचे
अमेरिका में फंसे भारत के 118 लोगों को केंद्र सरकार के ‘वंदे भारत मिशन’ के तहत सोमवार को यहां राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाया गया। हवाई अड्डा सूत्रों ने बताया कि एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 1617 से इन यात्रियों को अमेरिका के सान फ्रांसिस्को से मुंबई होकर यहां लाया गया। संयुक्त अरब अमीरात के अबुधाबी से भारतीयों का एक और जत्था आज रात यहां आएगा। ये यात्री एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 1920 से यहां आएंगे जिसके सोमवार रात साढ़े नौ बजे यहां पहुंचने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि हवाई अड्डे के रास्तों को सैनिटाइज किया गया है और सामाजिक मेल जोल से दूरी बनाए रखने के नियमों के पालन की भी व्यवस्था की गई है।

Seema Sharma

Advertising