Ajit Pawar Funeral: 8 हजार पुलिस के पहरे में चोरों का ''तांडव'', अजित पवार की अंतिम यात्रा में हुई लाखों की लूट

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 11:10 AM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज और उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अंतिम विदाई का क्षण उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों के एक गिरोह ने कई लोगों को अपना शिकार बना लिया। 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में रखा गया था। जहाँ एक तरफ पूरा राज्य शोक में डूबा था, वहीं दूसरी ओर शातिर चोरों ने करीब 15 लोगों के गले से सोने की चेन उड़ा ली।

सुरक्षा घेरे के बावजूद 30 लाख की लूट

हैरानी की बात यह है कि इस कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए बारामती में लगभग 8,000 पुलिसकर्मी तैनात थे। इसके बावजूद, चोरों ने बड़ी आसानी से वारदात को अंजाम दिया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, चोरी हुए गहनों की कुल कीमत 25 से 30 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।

PunjabKesari

संदिग्धों को नागरिकों ने रंगे हाथों दबोचा

अंतिम संस्कार के दौरान जब कुछ लोगों को अपने गले से चेन गायब होने का अहसास हुआ, तो वहां हड़कंप मच गया। मुस्तैद नागरिकों ने खुद ही घेराबंदी कर कुछ संदिग्धों को मौके पर दबोच लिया और जमकर धुनाई करने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिसिया कार्रवाई

बारामती तालुका पुलिस ने इस मामले में मोहम्मद यूनुस, राजकुमार आठवले, एजाज मिरावले, मोहम्मद सिराज और बालू बोत्रे सहित दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल इन आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि चोरी किए गए गहनों की बरामदगी की जा सके।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News