'नानू, मम्मी ज़मीन पर हैं, उठ नहीं रहीं...' मासूम की चीख ने खोला रहस्य, पति फरार, बेटे ने दी कैंसर पीड़ित मां को अंतिम विदाई
punjabkesari.in Wednesday, Jul 23, 2025 - 11:29 AM (IST)

जयपु: राजस्थान की राजधानी जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की रहस्यमयी हालातों में मौत हो गई, जिससे उसके पीहर पक्ष में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान स्वप्रिल जैन के रूप में हुई है, जिसकी शादी वर्ष 2013 में अक्षय जैन से हुई थी। अक्षय एक पारिवारिक घी-तेल एजेंसी में कार्यरत है।
स्वप्रिल के पिता योगेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए बार-बार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से पीड़ा दी जाती थी, और हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते गए।
घटना 20 जुलाई की दोपहर करीब 12:30 बजे की है जब स्वप्रिल के बेटे (नाति) ओजस ने फोन कर बताया कि उसकी मां ज़मीन पर पड़ी है और उठ नहीं रही। उसकी आवाज घबराहट और रुदन से भरी हुई थी। योगेश ने तुरंत अपने भतीजे को बेटी के घर भेजा और बाद में अस्पताल में जाकर देखा तो स्वप्रिल मृत पाई गई। शव की गर्दन पर गहरे चोट के निशान थे और उसका रंग नीला पड़ चुका था, जिससे संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या की आशंका पैदा की।
परिजनों का आरोप है कि मृत्यु के बाद पति अक्षय और उसके घरवालों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतका के पति ने अंतिम संस्कार में भी भाग नहीं लिया। यह जिम्मेदारी केवल उसके बेटे ओजस ने निभाई। स्वप्रिल कैंसर से जूझ रही थी लेकिन इलाज से धीरे-धीरे उसकी हालत में सुधार हो रहा था। पिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष उसकी बीमारी का उपचार ठीक से नहीं करवा रहा था और उसे अनदेखा कर रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।