गुप्त कैमरे से रिकॉर्ड किया पत्नी के साथ बिताए निजी पलों का वीडियो, फिर दोस्तों को भेजा, 19 अन्य महिलाओं से भी संबंध रह चुके

punjabkesari.in Saturday, Oct 04, 2025 - 12:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क:   कर्नाटक के पुट्टेनहल्ली से वैवाहिक जीवन से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति और ससुरालवालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना, ब्लैकमेलिंग और यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

महिला की शिकायत के अनुसार, दिसंबर 2024 में उसकी शादी सैयद इनामुल हक से हुई थी। सगाई के दो महीने बाद यह विवाह हुआ, जिसमें 340 ग्राम सोने के गहने और एक यामाहा बाइक उपहार स्वरूप दी गई थी। शादी के कुछ समय बाद महिला को पता चला कि वह इनामुल हक की दूसरी पत्नी है और उसके पहले से ही कई महिलाओं से संबंध हैं। महिला के मुताबिक, आरोपी ने खुद यह बात कबूल की कि उसके 19 अन्य महिलाओं से भी संबंध रह चुके हैं।

गुप्त कैमरे से किया निजी पलों का वीडियो रिकॉर्ड
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने बेडरूम में गुप्त रूप से कैमरा लगाया और उसके साथ बिताए निजी पलों के वीडियो रिकॉर्ड कर अपने विदेश में रह रहे दोस्तों के साथ साझा किए। यही नहीं, आरोपी ने उसे अपने विदेशी संपर्कों के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी डाला और मना करने पर वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी।

सार्वजनिक स्थलों और होटल में प्रताड़ना, गहने बेचने का दबाव
महिला ने आरोप लगाया कि पति ने सार्वजनिक जगहों, होटलों और यहां तक कि उसके मायके में भी उसे कई बार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। एक बार आरोपी ने फ्लैट खरीदने के लिए उस पर अपने गहने बेचने का दबाव डाला और मना करने पर मारपीट की।

ससुरालवालों पर भी आरोप
महिला की शिकायत में ससुराल पक्ष को भी नामजद किया गया है। फरवरी में एक पारिवारिक समारोह के दौरान पति की बहन ने उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। वहीं, महिला ने आरोप लगाया कि उसके देवर ने उसके साथ अश्लील व्यवहार किया।

21 सितंबर को मारपीट कर फरार हुआ पति
महिला का आरोप है कि 21 सितंबर को किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद पति ने उसके साथ मारपीट की और फिर घर छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल, पुट्टेनहल्ली पुलिस ने आरोपी पति और अन्य परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News