विधानसभा चुनाव से पहले हिमाचल में AAP को बड़ा झटका, प्रदेश अध्यक्ष समेत कई नेता भाजपा में हुए शामिल
punjabkesari.in Saturday, Apr 09, 2022 - 07:15 AM (IST)

नेशनल डेस्कः हिमाचल प्रदेश में चुनाव से करीब 6 महीने पहले भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका दिया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी समेत कई वरिष्ठ नेता शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। हिमाचल में आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी, संगठन महामंत्री सतीश ठाकुर और ऊना के जिलाध्यक्ष इकबाल सिंह भाजपा में शामिल हुए हैं।
अनुराग ठाकुर ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल, पहाड़ और पहाड़ी आपके झाँसे में नहीं आयेंगे। आम आदमी पार्टी की हिमाचल विरोधी नीतियों के विरुद्ध आप पार्टी के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी जी,संगठन महामंत्री सतीश ठाकुर जी व ऊना के अध्यक्ष इक़बाल सिंह जी ने दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी में आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी की गरिमामयी उपस्थिति में सम्मिलित हुए। आप सभी का भाजपा परिवार में स्वागत है, अभिनंदन है। आप पार्टी आपकी यू॰पी॰ में भी सभी सीटों पर ज़मानत ज़ब्त हुई, हिमाचल भी वही दोहराने के लिए तैयार खड़ा है।
अरविंद केजरीवाल, पहाड़ और पहाड़ी आपके झाँसे में नहीं आयेंगे।
— Anurag Thakur (@ianuragthakur) April 8, 2022
आम आदमी पार्टी की हिमाचल विरोधी नीतियों के विरुद्ध आप पार्टी के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष श्री अनूप केसरी जी,संगठन महामंत्री श्री सतीश ठाकुर जी व ऊना के अध्यक्ष श्री इक़बाल सिंह जी ने दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी.. pic.twitter.com/7ENQxi9Jfb
बताते चलें कि वर्ष के अंत में हिमाचल प्रदेश, गुजरात समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले भाजपा ने आम आदमी के प्रदेश अध्यक्ष को पार्टी में शामिल कर बड़ा झटका दिया है। इससे आम आदमी पार्टी के दूसरे राज्यों में विस्तार को झटका लग सकता है। पंजाब में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद आम आदमी पार्टी हिंदी भाषी राज्यों में विस्तार की योजना बना रही है। पंजाब में बड़ी जीत हासिल करने के बाद अरविंद केजरीवाल की नजर आगामी विधानसभा चुनाव पर हैं। गुजरात के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और हरियाणा पर भी आम आदमी पार्टी की नजर है। गौरतलब है कि दिल्ली के बाद अब पंजाब में भी आम आदमी पार्टी की सरकार है।