मणिपुर में बड़ी कार्रवाई: इंफाल से दो प्रतिबंधित संगठनों के 4 उग्रवादी गिरफ्तार, वसूली गैंग का पर्दाफाश
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 11:27 AM (IST)
Manipur Police Anti Extortion Raid : मणिपुर पुलिस ने रंगदारी और जबरन वसूली के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों के चार सक्रिय उग्रवादियों को दबोच लिया है। पुलिस ने यह गिरफ्तारियां इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों के विभिन्न इलाकों से की हैं। रविवार को पुलिस द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में इस पूरी कार्रवाई की पुष्टि की गई है।
बयान के अनुसार पुलिस ने शुक्रवार को इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों के विभिन्न स्थानों से कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शनिवार को इंफाल पश्चिम जिले के मंत्रीपुखरी इलाके से यूएनएलएफ(पी) के एक सक्रिय सदस्य को भी गिरफ्तार किया जिसकी पहचान चंदामा गीतचंद्र सिंह के रूप में हुई है।
यूएनएलएफ (पी) ने 2023 में केंद्र सरकार के साथ शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। हालांकि जबरन वसूली और आग्नेयास्त्रों की अवैध बिक्री में कथित संलिप्तता के आरोप में इस संगठन के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
