महाराष्ट्र: सड़क पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार, हंसिया और स्कूटर जब्त
punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 12:56 PM (IST)
महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के लातूर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सार्वजनिक स्थान पर धारदार हंसिया लहराकर आम लोगों के बीच डर और दहशत का माहौल पैदा करने का आरोप है। वहीं पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार और इस्तेमाल किया गया दोपहिया वाहन जब्त कर लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि स्कूटर पर सवार दो युवक लोगों के मन में डर पैदा करने के लिए कथित तौर पर हथियार लहरा रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि इस सूचना के आधार पर पुलिस राजीव गांधी चौक के पास पान की एक दुकान के नजदीक पहुंची तथा पुलिस को देखते ही एक युवक भाग गया जबकि दूसरे को पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने हथियार और दोपहिया वाहन जब्त कर लिया तथा आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
