ममता बनर्जी के सोमवार को जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना : सूत्र

punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 08:19 PM (IST)

नेशनल डेस्क : नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ और इससे जुड़े मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में किये जा रहे प्रदर्शन में सोमवार को तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष एवं पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शामिल होने की संभावना है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि बनर्जी छात्रों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त करने के लिए प्रदर्शन स्थल पर जायेंगी। इससे पहले सप्ताह की शुरुआत में ममता बनर्जी ने दिल्ली में कॉजपा के 20 जुलाई को 'संसद चलो' मार्च के दौरान छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था और दावा किया था कि प्रदर्शनकारियों के संसद की ओर बढ़ने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ''अपना काफिला मोड़कर चले गए थे''।

तृणमूल की '21 जुलाई शहीद दिवस' रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा था कि जरूरत पड़ी तो वह भी आंदोलन में शामिल होने दिल्ली जाएंगी। तृणमूल कांग्रेस उन विपक्षी दलों में शामिल थी, जिन्होंने कॉजपा के गठन के बाद उसका समर्थन किया था। पार्टी सांसदों कीर्ति आजाद और महुआ मोइत्रा ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपना समर्थन जताया था।

महुआ मोइत्रा और तृणमूल कांग्रेस के नेता साकेत गोखले जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल का दौरा कर चुके हैं। वहीं, पार्टी की राज्यसभा सदस्य सागरिका घोष उस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थीं, जिसने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनसे अपना अनशन समाप्त करने का आग्रह किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News