राजनाथ बोले- राहुल गांधी को इतिहास नहीं पता; चीन-पाकिस्तान को लेकर केंद्र पर गलत आरोप लगा रहे

punjabkesari.in Friday, Feb 04, 2022 - 08:27 PM (IST)

नेशनल डेस्कः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में राहुल गांधी के हालिया बयान को लेकर उन पर शुक्रवार को निशाना साधा और कहा कि वह इतिहास को विकृत करने की कोशिश कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि गांधी ने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार की विदेश नीति के चलते चीन एवं पाकिस्तान करीब आए हैं। पंजाब में 20 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के दसुया में एक रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने लोगों से भाजपा-पीएलसी-शिअद (संयुक्त) गठबंधन को सत्ता में लाने का आग्रह किया और कहा कि राज्य में नए शासन के तहत तेजी से विकास होगा। गांधी के स्पष्ट संदर्भ में उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें हैं, जिनके दिमाग में जो कुछ भी आता है वह बोलती हैं।

सिंह ने कहा, "राहुल गांधी जी ने संसद में जो कुछ भी कहा, उससे बहुत दुख हुआ। राहुल जी ने संसद में इतिहास को विकृत करने की कोशिश की और आरोप लगाया कि हमारी गलत विदेश नीतियों के कारण पाकिस्तान और चीन दोस्त बन गए।" उन्होंने कहा कि क्या कांग्रेस नेता को इतिहास की जानकारी नहीं है तथा जब शक्सगाम घाटी पाकिस्तान द्वारा चीन को सौंपी गई थी, तब जवाहरलाल नेहरू भारत के प्रधानमंत्री थे।

रक्षा मंत्री ने कहा, "जब काराकोरम राजमार्ग पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर) में बनाया गया था, तब इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं।'' सिंह ने कहा, "आप (राहुल गांधी) चीन और पाकिस्तान के बीच दोस्ती के लिए भाजपा सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। यह एक निराधार आरोप है।" लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने कर्तव्य के प्रति अनुकरणीय साहस और वीरता का परिचय दिया और यहां तक ​​कि अपने जीवन का बलिदान भी दिया।

रक्षा मंत्री ने कहा, "हमारे सैनिकों ने बलिदान दिया, लेकिन चीन के पास एक इंच भी जमीन नहीं जाने दी।" चीनी पक्ष में हताहतों की संख्या के मुद्दे पर गांधी पर तंज कसते हुए सिंह ने कहा, "इसका मतलब है कि चीनी मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स जो भी कहेगा, आप उसे स्वीकार करेंगे।" सिंह ने ऑस्ट्रेलियाई अखबार ‘द क्लैक्सन' में प्रकाशित एक रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें कहा गया है कि भारतीय सैनिकों के साथ झड़प में चीन के 38-50 सैनिक हताहत हुए थे।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि उन्होंने कभी भी भारतीय सेना की वीरता पर सवाल नहीं उठाया, भले ही कोई भी राजनीतिक दल सत्ता में रहा हो। पंजाब में भाजपा पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) और सुखदेव सिंह ढींडसा के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है।

सिंह ने लोगों से कहा, "आपने दिल्ली (केंद्र) में राजग सरकार को वोट दिया और अब पंजाब में भी भाजपा के नेतृत्व में राजग सरकार होनी चाहिए। पंजाब में प्रगति तेज होगी।" उन्होंने चुनावी वादों के रूप में मुफ्त उपहारों की घोषणा करने के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) पर भी निशाना साधा। सिंह ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी पर अपने विज्ञापनों में झूठे दावे करने का आरोप लगाया और कहा, "एक नई पार्टी आई है और यह आप है। पंजाब को पंजाबियों की जरूरत है, आप की नहीं।" उन्होंने कहा, "लोगों को भिक्षा की जरूरत नहीं है। वे चाहते हैं कि भारत का सिर ऊंचा हो।"

देश के लिए सिख समुदाय द्वारा किए गए बलिदान को याद करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, "हम सिख समुदाय के बलिदान को कभी नहीं भूल सकते। हमारे पास एक सिख रेजिमेंट (भारतीय सेना में) है और जब मैं उनका साहस देखता हूं, तो मुझे गर्व होता है।" फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य के मुद्दे पर सिंह ने कहा कि केंद्रीय बजट में फसलों की खरीद के लिए 2.37 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के लिए 20 फरवरी को मतदान होगा और मतगणना 10 मार्च को होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News