तमिलनाडु में जेल ब्रेक से हड़कंप: थेनी जेल से भागे 17 कैदी, एक पकड़ा गया; 16 की तलाश जारी

punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2026 - 06:06 AM (IST)

थेनी/तमिलनाडु: तमिलनाडु के थेनी जिले की उप-जेल में सोमवार देर रात एक बड़ा जेल ब्रेक सामने आया है, जहां एक ही सेल में बंद 17 कैदी सुरक्षाकर्मियों पर हमला करके फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के तुरंत बाद पुलिस ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया और 17 फरार कैदियों में से एक को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बाकी बचे 16 आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 17 विशेष टीमों का गठन किया है।

दौरे पड़ने का नाटक कर खुलवाया सेल का दरवाजा 
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, यह पूरी वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी। सोमवार रात उप-जेल की एक ही सेल में बंद सभी 17 आरोपियों ने नाटक किया कि उनमें से एक कैदी की तबीयत बहुत खराब है और उसे दौरे आ रहे हैं। जैसे ही जेल के कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी इस सूचना पर सेल का दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुए, घात लगाकर बैठे सभी कैदियों ने उन पर अचानक हमला कर दिया और जेल से भागने में कामयाब हो गए।

पुलिसकर्मी के सिर में आई गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती 
कैदियों के इस अचानक हमले में थेनी जिला जेल में तैनात ग्रेड-II पुलिसकर्मी थंगापांडी के सिर में चोट आई है। उन्हें इलाज के लिए जी. विलाक्कु के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा, जेल के दो अन्य पुलिसकर्मियों को भी हमले में मामूली चोटें आई हैं।

पड़ोसी जिलों और केरल बॉर्डर पर हाई अलर्ट, 16 जगहों पर चेक पोस्ट 
घटना के बाद पड़ोसी जिलों की पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। साउथ क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) विजयेंद्र बिदारी ने बताया कि सुरक्षा टीमें वाहनों की सघन जांच कर रही हैं। डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक (SP) एस. जयकुमार ने बताया कि एहतियात के तौर पर जिले में 16 जगहों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं।

फरार आरोपियों की तस्वीरें मदुरै, डिंडीगुल और पड़ोसी राज्य केरल के इडुक्की जिले की पुलिस के साथ साझा की गई हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी जंगली रास्तों या केरल सीमा का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर सकते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News