Lucknow Encounter: UP STF की बड़ी कार्रवाई, 1 लाख का इनामी शूटर ढेर, बिल्डर मर्डर केस में था वॉन्टेड

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 09:34 AM (IST)

Lucknow Encounter : उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) के साथ शनिवार को यहां हुई मुठभेड़ में एक इनामी बदमाश मारा गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह मुठभेड़ लखनऊ में इंदिरा कैनाल रोड पर हुई जिसमें आंबेडकर नगर जिले के चक कोदार गांव का निवासी संजय उर्फ संजीव मारा गया उस पर एक लाख रुपये का ईनाम था। 

अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था/एसटीएफ) अमिताभ यश ने एक बयान जारी कर कहा कि शनिवार को इंदिरा कैनाल रोड पर अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान संजय उर्फ संजीव को गोली लगी। यश ने बताया कि उसे प्राथमिक उपचार के लिए डॉ राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

पुलिस अधिकारी के मुताबिक संजय एक कुख्यात एवं इनामी अपराधी था जो एक माह पहले 27 मई को पीजीआई थानाक्षेत्र में हुई बिल्डर संदीप सिंह की हत्या मामले में मुख्य शूटर था। आरोप है कि वह आंबेडकर नगर, बस्ती और अयोध्या ज़िलों में हत्या के कई मामलों में भी शामिल था। 

यह भी पढ़ें: IMD Rain Alert: उत्तर भारत में मानसून की धुआंधार एंट्री, इन 16 राज्यों में आंधी-बारिश मचाएंगे तांडव, महा-अलर्ट जारी

वह पिछले 15 वर्षों से अपराधिक गतिविधियों में लिप्त था। पुलिस ने बताया कि संजय ने आंबेडकर नगर में कुख्यात अपराधियों दिलीप वर्मा और खान मुबारक के गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर हत्या समेत कई गंभीर अपराध किए थे। उस पर वर्ष 2011 से ही विभिन्न थानों में हत्या, लूट और हत्या के प्रयास समेत कुल 11 मामले दर्ज हैं। एडीजी ने बताया कि संजय की गिरफ्तारी पर लखनऊ के पुलिस आयुक्त ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News