कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में बड़ा हादसा: बारिश के बीच मची भगदड़, 17 लोगों की मौ'त; 35 से अधिक घायल

punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 03:04 AM (IST)

कोलकाता : उत्तर कोलकाता स्थित प्रसिद्ध चोरबागान सामुदायिक दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार को बारिश के दौरान अचानक भीड़ का दबाव बढ़ने से भीषण भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां 25 घायलों में से 1 की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।

घोषणा और सीटी बजाने से शुरू हुई धक्का-मुक्की 
दुर्घटना के कारणों की जानकारी देते हुए बताया गया कि दुर्गा पूजा आयोजकों द्वारा लाउडस्पीकर पर की गई एक घोषणा और पंडाल परिसर में तैनात निजी सुरक्षा कर्मियों द्वारा सीटी बजाए जाने के कारण प्रवेश का इंतजार कर रहे लोगों के बीच अचानक अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान बारिश शुरू होते ही बाहर खड़ी भीड़ तेजी से आगे बढ़ी और कुछ लोगों के सड़क पर गिर जाने से भगदड़ मच गई।

आयोजक और सुरक्षाकर्मी हिरासत में, फॉरेंसिक जांच शुरू 
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस व प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरबागान दुर्गा पूजा आयोजित करने वाले क्लब के पदाधिकारियों, निजी सुरक्षा कर्मियों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही दुर्घटनास्थल को जांच के लिए फॉरेंसिक विभाग, पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और दमकल विभाग को सौंप दिया गया है। हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर भीड़भाड़ वाले कई अन्य दुर्गा पूजा आयोजनों को अपने पंडाल अस्थायी रूप से बंद करने की सलाह दी है।

राष्ट्रपति, पीएम और गृह मंत्री ने जताया गहरा दुख 
इस भीषण दुर्घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं जताई हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना को 'बेहद दुखद' बताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर घायलों से मुलाकात करने का निर्णय लिया है।

पूर्व सीएम ममता बनर्जी और नेताओं ने व्यक्त की संवेदनाएं 
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राज्यपाल आर. एन. रवि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल और स्वास्थ्य मंत्री सरदवत मुखर्जी ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। राज्य सरकार ने प्रभावित लोगों और उनके परिजनों की सहायता व जानकारी के लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन भी शुरू की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News