अशोक खरात मामले में बड़ी खबर, महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चाकणकर ने दिया इस्तीफा
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 11:31 PM (IST)
नेशनल डेस्कः महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। रूपाली चाकणकर ने महाराष्ट्र महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सौंपा।
क्यों देना पड़ा इस्तीफा?
नासिक के फर्जी बाबा कांड के सामने आने के बाद रूपाली चाकणकर पर लगातार दबाव बढ़ रहा था। उनका नाम कथित तौर पर आरोपी ‘धर्मगुरु’ अशोक खरात के साथ संबंधों को लेकर जोड़ा जा रहा था, जिसके चलते विपक्ष भी उन पर हमलावर था।
इस्तीफा पत्र में क्या लिखा?
अपने इस्तीफा पत्र में रूपाली चाकणकर ने लिखा, "मैं, रूपाली निलेश चाकणकर, उपरोक्त विषय के संदर्भ में आपको विनम्रतापूर्वक सूचित करना चाहती हूं कि, दिनांक 15 अक्टूबर 2024 को मेरी महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति हुई थी। मेरे व्यक्तिगत कारणों से मैं स्वेच्छा से इस पद का इस्तीफा इस पत्र द्वारा आपको सादर कर रही हूं।"
डिप्टी सीएम से भी की मुलाकात
इस्तीफा देने से पहले उन्होंने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से देवगिरी में मुलाकात की थी।
सीएम ने भी मांगा था इस्तीफा
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विवाद बढ़ने के बाद खुद उनसे इस्तीफा देने को कहा था। बताया जाता है कि मुलाकात के दौरान ही यह फैसला हुआ।
क्या है पूरा मामला?
अशोक खरात को नासिक पुलिस ने बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया है। विपक्ष ने चाकणकर पर उनसे संबंध होने के आरोप लगाए और इसी विवाद के बाद इस्तीफे की मांग तेज हो गई।
