महाराष्ट्र : खंभों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 2 की मौत और 3 घायल

punjabkesari.in Monday, Sep 23, 2024 - 12:07 PM (IST)

नेशनल डेस्क. महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में एक दुखद घटना हुई, जहां 'कंक्रीट' के खंभों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट जाने से दो मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी सोमवार को दी।

यह दुर्घटना रविवार दोपहर बोराखेड़ी-वडगांव मार्ग पर हुई। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि घायलों में उसका 22 वर्षीय रिश्तेदार भी शामिल है, जिसने हाल ही में अग्निवीर की भर्ती परीक्षा पास की थी।

ट्रैक्टर-ट्रॉली में कंक्रीट के खंभे लदे हुए थे और पांचों लोग उस पर सवार थे। बोराखेड़ी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पुन्हाई गांव के पास एक मोड़ पर ट्रैक्टर अचानक पलट गया और खंभे पांचों व्यक्तियों पर गिर गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही बोराखेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मोटाला ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान मजदूर मंगेश ज्ञानदेव सातव (29) और रामदास पुंजाजी बेलोकर (42) की मौत हो गई। अन्य तीन घायलों का बुलढाणा जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना के कारण मौत का मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच जारी है। यह घटना इलाके में शोक का कारण बनी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News