महाराष्ट्रः भिवंडी में धर्मांतरण की कोशिश, अमेरिकी नागरिक समेत तीन गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Oct 05, 2025 - 07:22 PM (IST)

नेशनल डेस्कः महाराष्ट्र के भिवंडी के चिंबीपाड़ा गांव में शुक्रवार देर रात एक प्रार्थना सभा के दौरान ईसाई धर्मांतरण के कथित प्रयास ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। इस मामले में पुलिस ने एक अमेरिकी नागरिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बिजनेस वीजा पर भारत आए विदेशी नागरिक ने धार्मिक गतिविधियों में लिप्त होकर वीजा शर्तों का उल्लंघन किया, जबकि उसके दो भारतीय सहयोगियों ने ग्रामीणों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए उकसाया। शिकायत में बच्चों पर 'दिव्य उपचार' का दावा और धार्मिक भावनाएं भड़काने जैसे गंभीर आरोप भी शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वीजा की शर्तों का उल्लंघन
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अमेरिकी नागरिक जेम्स वॉटसन (58), पालघर निवासी साईनाथ गणपति सर्पे (42) और भिवंडी के चिंबीपाड़ा निवासी मनोज गोविंद कोल्हा (35) शामिल हैं तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295ए (धार्मिक भावनाएं आहत करने के इरादे से किया गया कार्य), धारा 298, विदेशी अधिनियम (वीज़ा की शर्तों का उल्लंघन) और महाराष्ट्र का 2013 का काला जादू विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ निरीक्षक हर्षवर्धन बर्वे ने जानकारी दी कि वॉटसन भारत में बिजनेस वीजा पर आया था, लेकिन वह वीजा की शर्तों का उल्लंघन करते हुए धार्मिक प्रचार में संलग्न था। उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।
ईसाई धर्म का प्रचार किया
शिकायत के अनुसार, शुक्रवार को मनोज कोल्हा के घर के बाहर एक प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 35 ग्रामीण उपस्थित थे। इस सभा में वॉटसन और उसके सहयोगियों ने एक वाहन में लायी गई धार्मिक पुस्तकें पढ़ीं और ईसाई धर्म के बारे में प्रचार किया। आरोपियों ने ग्रामीणों से कहा कि हिंदू धर्म अंधविश्वास पर आधारित है और ईसाई धर्म अपनाने से खुशी और समृद्धि प्राप्त होगी। इतना ही नहीं, उन्होंने यह दावा भी किया कि ईसा मसीह से प्रार्थना करने और प्रसाद के रूप में दी जाने वाली शराब पीने से बीमारियाँ ठीक हो सकती हैं।
शिकायत में आगे कहा गया है कि वॉटसन और उसके साथियों ने यह पूछताछ की कि क्या कोई बच्चा बीमार है। इसके बाद उन्होंने चार लड़कियों के नाम नोट किए और उन्हें कथित रूप से जबरन हिरासत में लिया। वॉटसन ने उनके माथे पर हाथ रखकर दावा किया कि वह उन्हें "दिव्य शक्ति" से ठीक कर सकता है।
तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह देखा जा रहा है कि कहीं यह कोई संगठित धर्मांतरण नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं है। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और आगे की पूछताछ जारी है।