तांत्रिक रोमियो! स्कूल-कोचिंग जाने वाली छात्राओं का पीछा कर वश में करने के लिए उनपर छिड़कता जादुई इत्र, फिर तंत्र कर...
punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 04:44 PM (IST)
Stalker Arrested : मध्य प्रदेश के अशोकनगर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां एक सिरफिरा युवक स्कूली छात्राओं को अपने प्रेमजाल में फंसाने के लिए तंत्र-मंत्र और सम्मोहन का सहारा ले रहा था। आरोपी का दावा था कि वह एक खास तरह का 'जादुई इत्र' छिड़ककर लड़कियों को अपनी ओर आकर्षित कर सकता है। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
इत्र और मंत्र से सम्मोहन का खेल
घटना अशोकनगर के सलूजा टावर इलाके की है। पुलिस को काफी समय से शिकायत मिल रही थी कि एक संदिग्ध युवक स्कूल और कोचिंग जाने वाली छात्राओं का पीछा करता है। आरोपी न केवल छात्राओं का पीछा करता था बल्कि उनके पास से गुजरते समय उन पर चुपके से इत्र छिड़कता था। पूछताछ में सामने आया कि वह छात्राओं को 'सम्मोहित' (Hypnotize) करने के लिए मंत्रों का जाप करता था और इत्र का इस्तेमाल उन्हें वश में करने के लिए करता था।
तलाशी में मिला तंत्र-विद्या का सामान
पुलिस ने जब आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा तो उसकी तलाशी में मिली चीजों ने पुलिसकर्मियों को भी चौंका दिया। उसके पास से 'काली सहस्त्रनामावली' नाम की किताब बरामद हुई जिसका इस्तेमाल वह तंत्र क्रियाओं के लिए कर रहा था। बैग से इत्र की कई बोतलें मिलीं जिन्हें वह अपना वशीकरण हथियार बताता था। आरोपी अक्सर उन रास्तों पर खड़ा होता था जहां से छात्राओं का गुजरना ज्यादा होता था।
यह भी पढ़ें: Mouth Cancer Symptoms: खतरे की घंटी! काफी समय से हैं आपके मुंह में छाले तो न करें इसे इग्नोर, हो सकता है कैंसर का...
पुलिस की कार्रवाई और चेतावनी
अशोकनगर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने छात्राओं और अभिभावकों को सलाह दी है कि यदि कोई भी अनजान व्यक्ति इस तरह की संदिग्ध हरकत करता दिखे या पीछा करे तो तुरंत 'वूमेन हेल्पलाइन' या स्थानीय पुलिस स्टेशन को सूचित करें।
